Char Dham Yatra: उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है. आज सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट खुले. जिसके साक्षी खुद उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी बने. इसके बाद 12.35 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खुले. सीएम धामी श्री गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में पहुंचे. कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा अर्चना की गई. उत्तरकाशी जिले में स्थित इन दोनों में ही सबसे पहले पीएम मोदी के नाम से पूजा करवाई गई. छह महीने तक धाम के कपाट खुले रहेंगे.
पीएम मोदी के नाम की पहली पूजा
सीएम धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पीएम मोदी के नाम की पहली पूजा की. सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी का उत्तराखंड से बड़ा लगाव है. उन्होंने कहा पीएम मोदी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर अपडेट लेते रहते हैं. उन्होंने कहा आने वाले दिनों में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट भी खुलने वाले हैं. इसके बाद प्रदेश में चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो जाएगी. इसके बाद देवभूमि उत्तराखंड में आस्था की गंगा बहेगी.
भक्तों पर पु्ष्प वर्षा
कपाटोद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिला. इस दौरान हर-हर गंगे और मां गंगा की जय के जयकारों से पूरा गंगोत्री धाम गूंज उठा. प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. इस दौरान धाम में मौजूद भक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा भी की गई. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों का महत्वपूर्ण आधार है, और सरकार यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.
पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गईं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को लेकर विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए. प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा का संकल्प लिया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. मंदिरों को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जबकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए है.
चारधाम यात्रा के दौरान भक्तों की किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने सभी तैयारियां रखी हैं. पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं. धामों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. मुख्यमंत्री धामी भी बीते कई दिनों से खुद चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं.
सीएम पुष्कर ने एक्स पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की है. उन्होंने मां गंगा और मां यमुना से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की.
अन्य धामों के कपाट खुलने की तिथि
केदारनाथ धाम: 22 अप्रैल 2026
बद्रीनाथ धाम: 23 अप्रैल 2026
