UP Weather Update Today: यूपी में अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू का खतरा बढ़ गया है. प्रयागराज, बांदा, झांसी और आगरा जैसे इलाकों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं, जबकि अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई संभावना नहीं है. मौसम वैज्ञानिकों ने शुष्क हवाओं और प्रतिचक्रवात को इस गर्मी का मुख्य कारण बताया है.
यूपी में और बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में इस समय गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है और इसका सबसे ज्यादा असर बुंदेलखंड इलाके में देखने को मिल रहा है. यहां तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लू का असर और ज्यादा तेज होगा. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार 19 अप्रैल को यूपी में हीटवेव चलने की आशंका है.
40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा पारा
राजधानी लखनऊ में शनिवार को इस सीजन का तापमान पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. बात करें तापमान की तो अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान 42°C तक जा सकता है.लखनऊ के साथ-साथ कानपुर, उन्नाव, रायबरेली और सीतापुर में भी गर्मी का असर तेज है। मौसम विभाग का कहना है कि हल्के बादल आ सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में गिरावट नहीं बल्कि उमस बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को और अधिक असहजता महसूस होगी.
बांदा सबसे गर्म शहर
बुंदेलखंड के बांदा में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का रिकॉर्ड है और इसे देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल करता है. झांसी, जालौन और ललितपुर में भी तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे ‘सीवियर हीट’ जैसी हालात बन गए हैं.
पश्चिमी यूपी में गर्मी बरकरार
मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा जैसे पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश और धूल भरी हवाएं चलीं, लेकिन गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली. यहां लू की आधिकारिक चेतावनी भले न हो, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और धूप की तीव्रता कम नहीं हुई है.
पूर्वी यूपी में लू का अलर्ट
प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में गर्मी अपने चरम पर है. यहां तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भीषण लू की चेतावनी जारी की है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा और जनजीवन पर असर साफ देखा जा रहा है.
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं होगी. 21 अप्रैल तक बारिश की संभावना भी नहीं है, जिससे गर्मी का असर लगातार बना रहेगा. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर चल रहा है, जो गंभीर स्थिति का संकेत हैं.
