Double Murder in Kanpur: कानपुर जिले में रविवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आते ही इलाके के लोग दहल गए. जहां एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बच्चियों की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस उपायुक्त दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों मृत बालिकाओं की उम्र करीब 11 साल थी. उनके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान पाए गए हैं.
फ्लैट में दो बच्चियों की हत्या
डीसीपी साउथ कानपुर दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार, रविवार (19 अप्रैल 2026) सुबह करीब 04:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दो बच्चियों की हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था. दोनों बच्चियों के शव लहूलुहान हालत में घर के अंदर पड़े मिले. फॉरेंसिक जांच और साक्ष्य संकलन किया जा रहा है.
बाद में मौके पर नौबस्ता पुलिस और आलाधिकारी पहुंचते हैं. फॉरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल के लिए मौके पर पहुंचती है. वहां की स्थिति देख आला अधिकारी भी चौंक जाते हैं. घर के अंदर दोनों बच्चियों के शव मिले. जिसके बाद आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया जाता है. वहीं दोनों बच्चियों के शव को पंचनामा के बाद पोस्टपार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया है. पूरे मामले में डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी का यह भी कहना है कि अभी हत्या का स्पष्टीकरण नहीं पता लग पाया है. हमारी टीम हत्या का कारणों का पता लगाने में जुटी है. वहीं घटना की जानकारी लगते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. ये पूरा मामला नौबस्ता थाना क्षेत्र का है.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद से अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं. सुरक्षा के दृष्टिगत मौके पर पुलिस बल तैनात है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है.
