चीन के एक कॉलेज ने अपने स्टूडेंट्स को किताबें छोड़कर प्यार करने और रोमांस करने का फरमान जारी किया है. कॉलेज प्रशासन का यह मानना है कि इससे पढ़ाई का तनाव कम हो जाएगा.
पढ़ाई को छोड़कर इश्क लड़ाओ
वैसे तो कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में छात्रों को पढ़ने और अच्छे नंबर लाने के लिए प्रेरित किया जाता है. हमारे देश में स्टूडेंट्स को किताबों में डूबे रहने की सलाह दी जाती है, लेकिन वहीं हमारे पड़ोसी देश चीन के एक कॉलेज से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. चीन के एक कॉलेज में पढ़ाई को छोड़कर इश्क लड़ाने के लिए फरमान सुनाया गया है.
किसी के साथ दिल के तार जोड़ें
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिचुआन साउथवेस्ट वोकेशनल कॉलेज ऑफ एविएशन ने कॉलेज के छात्रों को एक अनोखा स्प्रिंग ब्रेक दिया है. चीन के इस कॉलेज में 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक होने वाली छुट्टियों की थीम फूलों को निहारें और रोमांस का आनंद लें रखी गई है. कॉलेज के प्रशासन ने साफ कहा है कि इस दौरान छात्र किताबों को छोड़कर बाहर निकलें और ताजा हवाओं को लेने के साथ अगर मुमकिन हो तो किसी के साथ में अपने दिलों के तारों को जोड़ें.
जिंदगी में खिल जाएगा कोई फूल
कॉलेज ने कहा है कि किसी खास के साथ में अपने दिल के तारों को जोड़ें, हो सकता है कि उनकी जिंदगी में कोई फूल खिल जाए. दरअसल कॉलेज के इस फैसले के पीछे एक स्ट्रैटजी छिपी हुई है. आपको बता दें कि चीन में जन्म दर नीचे गिर रही है. चीनी सरकार को डर है कि अगर देश के युवा प्यार और शादी से दूर रहेंगे, तो आबादी का संतुलन भविष्य में खराब हो जाएगा.
रोमांस ब्रेक के जरिए कम होगा तनाव
रिपोर्ट के मुताबिक चीन के स्टूडेंट्स पढ़ाई के दबाव में काफी रहते हैं. इसी के चलते कॉलेज चाहता है कि वे इस रोमांस ब्रेक के जरिए अपने तनाव को कम कर सकें. कॉलेज प्रशासन का मानना है कि जब छात्र घूमने निकलेंगे, तो पर्यटन बढ़ेगा और बाजारों में भी रौनक आएगी. आपको बता दें कि सिर्फ सिचुआन ही नहीं बल्कि सूजौ और नानजिंग जैसे शहरों में भी इस तरह की छुट्टियों को लेकर विचार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- गैस की किल्लत! शाहजहांपुर से 200 किमी दूर पहुंचा युवक, सिलेंडर के लिए रात के 3 बजे लाइन में लगा
