केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को हत्या की धमकी दी गई है. इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. आपको बता दें कि इस समय चिराग पासवान के पास Z श्रेणी की सुरक्षा है.
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि उन्हें डाक द्वारा भेजे गए एक पत्र में हत्या की धमकी दी गई है. इस धमकी में कहा गया है कि जल्द ही कट्टर आतंकवादी तुम्हारी हत्या कर देंगे. अब यह धमकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है.
पत्र में किया गया दावा
आपको बता दें कि चिराग पासवान को भेजे गए धमकी भरे पत्र में साफ तौर पर उनकी हत्या की धमकी दी गई है. पत्र भेजने वाले का दावा है कि जल्द ही कट्टर आतंकवादी उनकी हत्या कर देंगे. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि किस व्यक्ति या संगठन ने यह पत्र भेजा है. फिलहाल इस धमकी की गंभीरता और सच्चाई की जांच की जा रही है.
केंद्रीय गृह सचिव को लिखा पत्र
बताया जा रहा है कि धमकी मिलने के बाद चिराग पासवान के ऑफिस ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर इस मामले पर ध्यान देने के लिए कहा है. साथ ही जरूरी सुरक्षा लागू करने का अनुरोध भी किया है. आपको बता दें कि चिराग पासवान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं. जिसके चलते उनकी सुरक्षा से जुड़ी इस धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां इस पत्र और इससे जुड़े अन्य सबूतों की जांच कर सकती हैं.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने 1 सितंबर को केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है. पत्र में पूरे मामले की तुरंत गहन जांच को लेकर कहा गया है. मंत्रालय ने गृह मंत्रालय से आग्रह किया है कि धमकी भरे संदेश के सोर्स और सच्चाई के साथ इसके पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए तुरंत जांच शुरू की जाए. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट हो गईं हैं.
Z-श्रेणी की सुरक्षा में हैं चिराग
पत्र में बताया गया है कि चिराग पासवान को गृह मंत्रालय की तरफ से Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इसलिए उन्हें दी गई धमकी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. माना जा रहा है कि इस धमकी के बाद चिराग पासवान की सुरक्षा इजाफा किया जा सकता है.
