पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी वृष्टि मुखर्जी की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि वृष्टि ने आत्महत्या कर ली. रामपुरहाट में मौजूद उनके घर में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला है
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दुख के दौर से गुजर रही हैं. ममता की भतीजी वृष्टि मुखर्जी ने आत्महत्या कर ली है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को रामपुरहाट में उनके घर पर उनका शव फंदे से लटका मिला. परिवार का कहना है कि उन्होंने आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक वृष्टि पिछले 4-5 साल से डिप्रेशन से परेशान थीं और उनका इलाज चल रहा था.
घोटाले में नाम आने के बाद गई थी नौकरी
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले में उनका नाम आने के बाद उनकी सरकारी नौकरी (ग्रुप-सी) छिन गई थी. हाल में तलाक के मामले से भी वे काफी तनाव में थीं. वृष्टि, ममता बनर्जी के ममेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी थीं. निहार रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके हैं. बता दें कि परिवार का ननिहाल रामपुरहाट के कुसुम्बा गांव में है. वे एक स्थानीय स्कूल में ग्रुप-सी कर्मचारी थीं.
जांच में सामने आया था नाम
आपको बता दें कि भर्ती घोटाले की जांच में सेंट्रल एजेंसियों को पता चला कि लगभग 90 प्रतिशत OMR शीट में गड़बड़ी थी. जिसके बाद मामले की जांच में वृष्टि समेत कई उम्मीदवारों का नाम सामने आया, जिन्हें कथित तौर पर फायदा मिला था. इसके बाद कानूनी कार्रवाई हुई और उनकी नौकरी चली गई थी.
मौके पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर को कुसुम्बा गांव में उनके घर की दूसरी मंजिल की बालकनी में कपड़े के सहारे उनका शव लटका हुआ मिला. इस मामले की सूचना मिलने पर रामपुरहाट पुलिस मौके पर पहुंची. शव को उतारकर जांच के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया. पुलिस को शुरुआती तौर पर आत्महत्या का शक है. हालांकि, उनकी मौत की असल वजह अभी साफ नहीं है.
