कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने फिर से प्रदर्शन को लेकर ऐलान किया है. CJP ने सरकार पर युवाओं को धोखा देने और उनका भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया है. CJP 24 अगस्त को बड़ी बैठक करने वाली है.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने फिर से बड़ा ऐलान कर दिया है. CJP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने अभी तक उनसे किए गए वादों को पूरा नहीं किया है. लगता है सरकार ने सिर्फ खोखले वादे करके उन्हें धोखा दिया है. CJP ने सरकार से अपील की है कि अगर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनसे किए गए वादे पूरे नहीं होते हैं तो फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा.
सरकार पर लगाया आरोप
आपको बता दें कि इस दौरान CJP ने केंद्र सरकार पर युवाओं को धोखा देने और भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया है. CJP का कहना है कि सरकार अक्सर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों को खत्म करने के लिए वादे तो करती है, लेकिन सड़कें खाली होने के बाद उनसे मुकरने की कोशिश भी जारी रखती है. भारत के युवाओं से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए. CJP के मुताबिक छात्र विरोध प्रदर्शनों के दौरान दर्ज FIR को रद्द करने के लिए कोर्ट से बार-बार अनुरोध करने के बाद भी सरकार ने अभी तक संबंधित लिस्ट जमा नहीं की है. उन्होंने कहा कि समय रहते हुए सरकार को ये काम करना चाहिए.
वादे के आधार पर वापस लिया आंदोलन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CJP ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार देश के युवाओं को धोखा देने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के वादे के आधार पर वापस लिया गया था. वादों को कमजोर करने, देरी करने, गलत अर्थ निकालने या फिर उनका अनादर करने की कोशिश को भरोसे का उल्लंघन और देश के युवाओं के साथ विश्वासघात माना जाएगा.
24 अगस्त को हो सकती बड़ी घोषणा
जानकारी के मुताबिक CJP ने आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी है और आंदोलन को फिर से शुरू करने का इशारा दिया है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह अपनी अगली कार्रवाई तय करने के लिए 24 अगस्त को एक बैठक करेंगे. यह संभावित रूप से फिर से शुरू होने वाले विरोध प्रदर्शन के बारे में चेतावनी भी जारी करेगा.
