UP Board Toppers Reward: लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 223 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे. लोक भवन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सभी मेधावी विद्यार्थियों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा. इसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा.
मेधावी छात्रों को सम्मान
इस कार्यक्रम में यूपी बोर्ड (UP Board), सीबीएसई (CBSE), सीआईएससीई (काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) और संस्कृत शिक्षा परिषद के टॉप छात्रों को सम्मान मिलेगा. मेधावियों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा.
इनमें यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शीर्ष 10 स्थान पाने वाले छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं. राज्य स्तर पर यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के 115 और इंटरमीडिएट के 23 मेधावी सम्मानित किए जाएंगे. वहीं संस्कृत शिक्षा परिषद के हाईस्कूल के 11 व इंटरमीडिएट के 10 छात्र-छात्राओं को सम्मान मिलेगा. सीआइएससीई बोर्ड के हाईस्कूल के 22 और इंटरमीडिएट के 21 मेधावी व सीबीएसई के हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 18 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा. समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके एक-एक अभिभावक भी मौजूद रहेंगे. सभी छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफार्म में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
स्कूलों के 11 प्रधानाचार्यों को भी मिलेगा सम्मान
राज्य स्तरीय सम्मान पाने वाले 223 मेधावी विद्यार्थियों में 85 छात्र और 138 छात्राएं शामिल हैं. कार्यक्रम में प्रत्येक विद्यार्थी के साथ आए एक अभिभावक को भी शाल देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा 11 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा.
जिला स्तर पर भी कार्यक्रम
इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में भी सम्मान समारोह होंगे, जहां 1459 मेधावी विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
