मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के नाम एक भावुक पाती (पत्र) जारी कर बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संकल्प दोहराया है.
Cm yogi Pati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है.उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन परिवार को जोड़ता है, समाज में आत्मीयता जगाता है. यह हमारे सनातन संस्कारों की सुदृढ़ परंपरा का प्रतीक है. सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि यह स्नेह, अटूट विश्वास, सामाजिक समरसता और हमारे सनातन संस्कारों की सुदृढ़ परंपरा का प्रतीक है.सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएंदी हैं.
संस्कार ही परिवारों को मजबूत करते
सीएम योगी ने नई पीढ़ी से अपने पारंपरिक संस्कारों को आचरण में ढालने की अपील की. उन्होंने कहा कि संस्कार ही परिवारों को मजबूत करते हैं, समाज को एकजुट रखते हैं और समानता व बंधुता के भाव को बढ़ावा देते हैं.
सरकारी संकल्प और योजनाएं
राज्य सरकार के लिए बहन-बेटियों का सम्मान और सुरक्षा सबसे ऊपर है. ‘मिशन शक्ति’ और ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ जैसी नीतियों के जरिए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को निरंतर नई गति मिल रही है.
श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उदाहरण
सीएम योगी ने श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उदाहरण देते हुए कहा कि जब श्रीकृष्ण की उंगली से रक्त बह रहा था, तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का किनारा फाड़कर बांधा था. इसके प्रत्युत्तर में भगवान श्रीकृष्ण ने संकट के समय द्रौपदी के चीरहरण के दौरान उनकी रक्षा कर उस स्नेह का मान रखा था.
सुरक्षाबलों के प्रति कृतज्ञता
उन्होंने आम नागरिकों और बहनों से अपील की कि वे देश की सीमा पर तैनात जवानों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहत में जुटे कर्मियों को भी रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें.
प्रदेशवासियों से अपीलें
सीएम योगी ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय स्तर पर निर्मित स्वदेशी राखियों और उपहारों को ही प्राथमिकता दें। इससे स्थानीय कारीगरों, श्रमिकों और छोटे उद्यमियों के कौशल व रोजगार को सीधा प्रोत्साहन मिलेगा.
बहनों को मुफ़्त बस यात्रा की सौगात
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं और बहनों के लिए 27 अगस्त की मध्यरात्रि से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है. यह व्यवस्था वर्ष 2017 से लगातार जारी है.
