उत्तराखंड के देहरादून में मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग के दौरान 2 गाड़ियों में विवाद हो गया. इस घटना में एक निर्दोष व्यक्ति की गोली लगने के कारण मौत हो गई. मृत व्यक्ति भारतीय सेना में पूर्व अधिकारी ब्रिगेडियर था.
देहरादून में ओवरटेकिंग को लेकर विवाद
उत्तराखंड के देहरादून से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. राजपुर थाना क्षेत्र के जोहाड़ी गांव में सोमवार को सुबह के समय ओवरटेकिंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जानकारी के मुताबिक मसूरी रोड पर फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार के बीच में पास को न देने पर बहस हो गई. जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और गाड़ी के टायरों पर गोलियां चला दीं.
टहल रहे पूर्व सैन्य अधिकारी को लगी गोली
बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी में एक गोली वहां टहल रहे एक व्यक्ति को लगी. इस विवाद के दौरान एक गोली वहां टहल रहे पूर्व सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर वीके जोशी को लग गई. जिसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और उसमें बैठे 2 लोग घायल हो गए.
फिल्मी अंदाज में किया फॉर्च्यूनर का पीछा
यह पूरा विवाद मसूरी रोड से शुरू हुआ था और मालसी के पास हिंसा में बदल गया. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए किसी फिल्म की तरह उसका पीछा किया और फायरिंग की. फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई. इसके बाद हमलावरों ने कार में मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की और कार को भी बुरी तरह के क्षतिग्रस्त कर दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जिले में नाकाबंदी कर दी. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. पुलिस की टीमें लगातार आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है. जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके. इस पूरी घटना में एक निर्दोष व्यक्ति की जान गई है.
यह भी पढ़ें- पंजाब में कांग्रेस नेता की कुल्हाड़ी से हत्या! विपक्ष के मान सरकार पर साधा निशाना; लगाए गंभीर आरोप
