Uttarakhand news: उत्तराखंड के देहरादून से STF ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, युवक के ऊपर पाकिस्तान के आतंकियों के इशारे पर काम करने का आरोप है. आरोपी के पास से कई संवेदनशील जानकारियां मिली हैं.

देहरादून से STF ने गिरफ्तार किया संदिग्ध
उत्तराखंड के देहरादून से एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी के इशारे पर काम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. STF द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 साल के विक्रांत कश्यप के रूप में की गई है. युवक को STF ने प्रेम नगर इलाके से गिरफ्तार किया है.
सरकारी प्रतिष्ठानों की भेजी थी लोकेशन
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोप है कि युवक ने देहरादून के सरकारी और रक्षा प्रतिष्ठानों की लोकेशन और वहां के फोटो, वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजे थे. जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ISI से जुड़े एजेंट और पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था. खुफिया जानकारी मिलने के बाद STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करके आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
32 बोर की पिस्टल भी बरामद
युवक की तलाशी करने पर उसके पास के एक 32 बोर की पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस और स्प्रे पेंट का एक केन बरामद हुआ है. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के साथ संपर्क में था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का भी जिक्र किया है.
सिद्धू मूसेवाला की मौत का लेना चाहता था बदला
आपको बता दें कि साल 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई थी. युवक ने बताया कि वह सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या का बदला लेने की मंशा से उसने लोगों से संपर्क साधा था. आरोपी ने देहरादून में मौजूद पुलिस मुख्यालय, ISBT और कई जगहों की तस्वीरों को पाकिस्तान भेजा था. जांच में सामने आया कि को इन जगहों पर बम लगाने और ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच)’ के नाम से दीवारों पर नारे लिखने के निर्देश भी दिए गए थे.
नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का झांसा
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक साल 2024-25 में पंजाब के नाभा में भी रह चुका है. पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स ने उसे नेपाल के रास्ते से दुबई भेजने की बात भी कही थी. जांच के दौरान आरोपी के फोन से कई संवेदनशील जानकारियां सामने आई हैं. फिलहाल पूरे मामले में सुरक्षा एजेंसियां पूरी गहनता के साथ जांच कर रही हैं. सुरक्षआ एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क जांच में लगी हुई हैं.
यह भी पढे़ं- दिल्ली में लुटेरों के हौसले बुलंद! व्यापारी से सरेआम 25 लाख की लूट; फिल्मी अंदाज में दिया वारदात को अंजाम
