Mathura Boat Accident Update: उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई. इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं, 3 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. रविवार को तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. सेना, NDRF-SDRF समेत करीब 250 लोगों की टीम ऑपरेशन में लगी हुई है. अब जांच का दायरा 14 किमी से बढ़ाकर 20 किमी कर दिया गया है.
जानिए कैसे हुआ हादसा?
वहां पर आए प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रद्धालु श्रृंगार घाट से केशी घाट की ओर जा रहे थे. सभी भक्ति में लीन होकर “राधे-राधे” का जाप कर रहे थे, तभी नाव पैंटून पुल से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि नाव बीच धारा में ही पलट गई और यात्री गहरे पानी में गिर पड़े. लोगों का ये भी कहना है कि नाविक को रफ्तार कम करने के लिए कहा था लेकिन उसने नहीं सुना.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाव में निर्धारित क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ गया. साथ ही पैंटून पुल में हालिया बदलाव के कारण नदी की धारा भी बदल गई थी, जिससे नाविक का नियंत्रण कमजोर पड़ गया.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
इस हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ दिखी. किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी. यमुना की गहराई और तेज बहाव के कारण लोग खुद को संभाल नहीं सके, जिससे मौतों का आंकड़ा बढ़ गया. ठेकेदार और नाविक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है.
बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
8 NDRF टीमें
5 SDRF टीमें
3 PAC टीमें
120 से ज्यादा निजी गोताखोर
करीब 20 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं और तलाश लगातार जारी है.
प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों को जल्द खोजने की कोशिश की जा रही है. पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहकर हर संभव मदद दी जा रही है. बताया जा रहा है कि कई श्रद्धालु पंजाब से मथुरा-वृंदावन घूमने आए थे. हादसे से कुछ घंटे पहले तक वे अपने परिवार से खुशहाल बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी कब तक जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: पति ने रची खौफनाक साजिश, 3 बार जहर देने के बाद भी नहीं मरी तो सुपारी देकर करवा दी हत्या
