दिल्ली की एक गली में एक युवक की बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार को एक 23 साल के युवक के ऊपर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला करके उसकी हत्या कर दी गई.
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में युवक की हत्या
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मंगोलपुरी इलाके में एक गली में 23 साल के युवक के ऊपर कुछ हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस मामले का CCTV जब सामने आया तो सभी देखकर हैरान रह गए. जब युवक के ऊपर हमला हो रहा था, तो वहां के पड़ोसी लोग दर्शक बनकर खड़े थे.
कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार को शाम एक 23 साल के युवक आकाश की हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि मृतक मंगोलपुरी के I ब्लॉक का रहने वाला था. हत्या की यह खौफनाक वारदात N ब्लॉक पार्क में हुई और पास में मौजूद CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई. जानकारी के मुताबिक 4-5 हमलावरों ने आकाश के ऊपर चाकुओं से कई हमले किए. जिसके बाद में उसे घायल रूप में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
4-5 लड़कों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक मरने वाले युवक की पहचान 23 साल के मंगोलपुरी के I ब्लॉक निवासी आकाश उर्फ अक्कू के रूप में की गई है. युवक अपने पिता के साथ में मिलकर कचौड़ी का स्टॉल चलाता था. जानकारी के मुताबिक आकाश अपने घर में सिर्फ अकेला ही कमाने वाला था. इस घटना के एक चश्मदीद ने बताया कि वह आकाश के साथ में एक पार्क में खड़ा हुआ था, लेकिन तभी 4-5 लड़के पास आए और चाकू निकालकर हमला कर दिया.
पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के चश्मदीद और आकाश के दोस्त ने बताया कि बचने की कोशिश में आकाश एक पास के घर में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने उसे घर से भी बाहर निकाल लिया. बताया जा रहा है कि हमलावरों के साथ में आकाश और उसके दोस्तों की पुरानी रंजिश थी. पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया है. मंगोलपुरी और जिले की कई पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं. पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
