दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक सूटकेस से लड़की का शव बरामद हुआ है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसने अपनी बहन की हत्या करने का आरोप कबूल लिया है.
दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एक खौफनाक घटना सामने आयी है. पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली इलाके में चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोका और युवक ने पूछताछ के दौरान अपनी बहन की हत्या करने की बात कबूल की. आरोपी के कबूलनामे के बाद निशानदेही पर बुराड़ी में एक सूटकेस से युवती का शव बरामद किया गया.
चेकिंग के दौरान की पूछताछ
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक पुलिस की टीम बाहरी उत्तरी दिल्ली इलाके में चेकिंग कर रही थी. इस दौरान वहां एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं. जिसके बाद पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की. इस दौरान युवक ने बताया कि वह अपनी बहन की हत्या करके आया है. खुलासे के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बुराड़ी पहुंची. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उस स्थान की तलाशी ली, जहां वारदात के बाद शव को छिपाया गया था.
सूटकेस से बरामद हुआ शव
पुलिस को तलाशी के दौरान एक सूटकेस मिला, जिसे खोलने पर युवती का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह और शरीर पर चोटों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
पुलिस ने शुरू की जांच
अब इस मामले को लेकर पुलिस पता लगाने में जुटी है कि हत्या कब और किस तरह से की गई. साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका थी या आरोपी ने अकेले ही हत्या को अंजाम दिया. मामले में जांच करते हुए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है.
