राजधानी दिल्ली में लगातार साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं. बीते हफ्ते में साउथ दिल्ली में बुजुर्गों को डराकर और दबाव बनाकर उनसे करोड़ों रुपए की ठगी करने के 2 मामले सामने आए हैं. इस तरह की साइबर फ्रॉड की घटनाओं को डिजिटल अरेस्ट कहा जाता है. अब एक ऐसा ही मामला ग्रेटर कैलाश से आया है.
ग्रेटर कैलाश में महिला से 7 करोड़ रुपए की ठगी
ग्रेटर कैलाश इलाके से एक डिजिटल अरेस्ट का मामला सामने आया है. ग्रेटर कैलाश इलाके में अपराधियों ने एक 70 साल की बुजुर्ग महिला को लगभग 3 दिनों तक जिडिटल अरेस्ट रखा और उसके बाद में अलग-अलग खातों में लगभग 7 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन करवाया. ठगों ने महिला के सामने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पेश किया और महिला को भरोसा दिलाया.
पुलिस ने दर्ज की FIR
सबसे पहले ठगों ने महिला को यह भरोसा दिलाया कि वह जांच एजेंसियों का अधिकारी है औप महिला एक गंभीर मामले में फंसी हुई है. जिसके बाद महिला से ठगों ने कहा कि किसी से भी बात करने पर उसे तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जिसके बाद महिला इन ठगों की बातों में आ गई. जिसके बाद में महिला ने इन ठगों को अपनी सभी जमा पूंजी दे दी. इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की साइबर यूनिट ने FIR दर्ज कर ली है. पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है कि किन खातों में ठगी के पैसों को ट्रांसफर किया गया है और इस पूरे मामले के पीछे कौनसा गैंग काम करता है.
डॉक्टर दंपति से हुई 14 करोड़ की ठगी
कुछ दिन पहले एक ऐसा ही मामला ग्रेटर कैलाश इलाके से ही सामने आया था. कुछ दिन पहले सामने आए मामले अमेरिका से दिल्ली लौटने वाले एक डॉक्टर दंपति के साथ 14 करोड़ रुपए की डिजिटल अरेस्ट ठगी हुई थी. ये दोनों मामलों में ठगी करने का तरीका लगभग एक जैसा बताया जा रहा है. बताया जा रहा है साइबर ठगों ने ओम तनेजा और इंदिरा तनेजा को कई दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा और उन्हें अदालती मामलों में FIR की धमकी भी दी थी.
CBI के पास पहुंचा मामला
इसी तरह का एक मामला अब CBI के पास भी पहुंचा है. CBI ने दिल्ली के मुनिरका इलाके की एक 76 साल की बुजुर्ग महिला के साथ हुए डिजिटल फ्रॉड केस में FIR दर्ज की है. यह पूरा मामला दिल्ली स्पेशल सेल के पास था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब इसे CBI को ट्रांसफर कर दिया गया है. इस महिला से ठगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लगभग 1.64 करोड़ रुपए की ठगी की है.
