govindpuri double murder case: दिल्ली के गोविंदपुरी में नशे और गलत संगत छोड़ने की नसीहत देने से नाराज एक शातिर अपराधी ने अपनी ही चचेरी बहन और उसके 13 साल के मासूम बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी.

govindpuri double murder case: दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक महिला और उसके मासूम बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला के रिश्ते के भाई को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी बहन की बातों से नाराज रहता था. महिला उसे बार-बार नशे और गलत संगत छोड़ने की सलाह देती थी. यही बात आरोपी को पसंद नहीं आती थी. गुस्से और रंजिश में उसने अपनी ही बहन और उसके बेटे को मौत के घाट उतार दिया.
यह घटना 20 और 21 मई की रात की बताई जा रही है. गोविंदपुरी स्थित घर में 38 साल की शारदा साहू और उनके 13 साल के बेटे के शव मिले थे. दोनों की चाकू मारकर हत्या की गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस की कई टीमें तुरंत जांच में जुट गईं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. साथ ही मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की भी जांच शुरू की गई. पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में लगी हुई थी.
जांच के दौरान पुलिस को शक शारदा साहू के रिश्तेदार सौरभ साहू पर गया. वह संगम विहार इलाके में रहता है. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क के पास मौजूद है. इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी. जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया. लेकिन उसने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने लगातार चार गोलियां चलाईं. इनमें से एक गोली सब-इंस्पेक्टर यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. जैकेट होने की वजह से उनकी जान बच गई.
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, जिंदा और खाली कारतूस, खून से सने कपड़े और कई अहम सबूत बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह अपनी चचेरी बहन से अंदर ही अंदर नाराज रहता था और इसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है. उसके खिलाफ चोरी, लूट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की आदत में भी लिप्त था. शारदा साहू उसे अक्सर समझाती थीं कि वह गलत रास्ता छोड़ दे और अपनी जिंदगी सुधार ले. लेकिन आरोपी इसे अपनी बेइज्जती समझता था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और बाकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
