barkha trehan news: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके पर बरखा त्रेहन नामक महिला ने भगवान राम के कथित अपमान के विरोध में नीली स्याही फेंक दी, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

barkha trehan news: दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा हंगामा देखने को मिला है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके के एक कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने उन पर सरेआम नीली स्याही फेंक दी. इस घटना के बाद वहां मौजूद समर्थकों के बीच हड़कंप मच गया और कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्याही फेंकने वाली महिला को मौके से ही हिरासत में ले लिया है. पुलिस पूछताछ में महिला की पहचान हो चुकी है और उसने सोशल मीडिया पर खुद ही इस पूरी घटना की जिम्मेदारी भी ले ली है.
कौन है स्याही फेंकने वाली महिला बरखा त्रेहन
अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकने वाली महिला का नाम बरखा त्रेहन है. बरखा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और खुद को एक ‘पुरुष अधिकार कार्यकर्ता’ बताती हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर अपने परिचय में खुद को ‘पुरुष आयोग’ की अध्यक्ष भी लिखा है. बरखा त्रेहन पहले भी कई विवादित मामलों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं. वह पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों में भी शामिल थीं, जिन्हें बलात्कार के एक मामले में अदालत ने दोषी करार दिया है.
भगवान राम के अपमान के विरोध में उठाया कदम
घटना के तुरंत बाद बरखा त्रेहन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस बात को स्वीकार किया कि स्याही उन्होंने ही फेंकी है. बरखा ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह एक कट्टर हिंदू हैं और उन्हें अपने इस कदम पर गर्व है. उनका आरोप है कि कॉकरोच जनता पार्टी के मंच से भगवान श्री राम का अपमान किया गया था और उस वक्त अभिजीत दीपके वहां बैठकर हंस रहे थे. बरखा का कहना है कि वह इस बात से बेहद नाराज थीं और यह स्याही फेंकना उनका अपना विरोध दर्ज कराने का एक तरीका था.
‘नीला मेरा रंग है, जय भीम’ कहकर दीपके ने संभाला मंच
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब अभिजीत दीपके मंच से अपना संबोधन दे रहे थे, तभी बरखा त्रेहन अचानक मंच की तरफ बढ़ीं और उनके चेहरे पर नीली स्याही फेंक दी. इसके बाद जब दीपके के समर्थक गुस्से में मंच की ओर दौड़ने लगे, तो दीपके ने सूझबूझ से काम लिया. उन्होंने अपने समर्थकों से शांत रहने और अपनी जगह पर बैठे रहने की अपील की. इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘नीला मेरा रंग है, जय भीम.’ पुलिस जब बरखा को कार्यक्रम स्थल से ले जा रही थी, तो महिला ने आरोप लगाया कि समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की है.
पुलिस हिरासत में महिला, जांच में जुटे अधिकारी
इस हाई-प्रोफाइल घटना के बाद दिल्ली पुलिस बरखा त्रेहन को हिरासत में लेकर थाने ले गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है. बरखा त्रेहन की हालिया सोशल मीडिया एक्टिविटी को भी खंगाला जा रहा है, जिससे पता चला है कि वह जंतर-मंतर पर होने वाले कई अलग-अलग प्रदर्शनों का हिस्सा रही हैं. उन्होंने हाल ही में सुखिया गोयल से जुड़े मामले पर भी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
