राजधानी दिल्ली के बेगमपुर इलाके में खुले सीवर में गिरने के कारण एक 32 साल के व्यक्ति की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सीवर लगभग 10 से 15 फीट तक गहरा था. जिससे उसे ढूंढ़ने में समय लग गया.
दिल्ली में गई एक और जान
राजधानी दिल्ली में आए दिन प्रशासन की लापरवाही के किस्से नजर आ रहे हैं. दिल्ली में बीते दिनों बीच सड़क पर खुदे गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी. जिसके बाद अभी मामला खत्म नहीं हो पाया था और प्रशासन की लापरवाही का एक किस्सा फिर नजर आ गया है. दिल्ली के बेगमपुर इलाके में प्रशासन की लापरवाही से एक 32 साल के व्यक्ति का जान चली गई है.
सीवर में गिरा 32 साल का व्यक्ति
दिल्ली के बेगमपुर इलाके में 32 साल के बिरजू नाम का एक व्यक्ति सीवर में गिर गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. यह घटना सोमवार लगभग 7:30 बजे की है. जानकारी के मुताबिक बिरजू अपने सूरज नाम के दोस्त के साथ नशे में अपनी झुग्गी में जा रहा था. इसी दौरान वह गड्ढे में गिर गया. इस मामले में बिरजू के दोस्त का कहना है कि वह भी उस समय नशे में था.
घटनास्थल से 500 मीटर दूर काम करता था व्यक्ति
मृतक के दोस्त ने बताया कि वह भी बेहद नशे में था, जिसके चलते उसे भी नहीं पता लगा कि यह घटना कब और कैसे हुई थी. जिस जगह पर यह घटना हुई है वहां से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बिरजू और उसका दोस्त एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था. हालांकि इस हादसे के बाद में प्रशासन ने उस सीवर को कवर करवा दिया है, लेकिन मैनहोल से लगे नाले अभी भी खुले पड़े हैं.
व्यक्ति को ढूंढ़ने में लग गया समय
बिरजू के साथ में काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि सोमवार को बिरजू और सूरज कुछ सामान लेने गए थे, जिसके बाद जब सूरज घर आया, तो उसने रामकुमार को बताया कि बिरजू को झगड़े के बाद कुछ लोग गाड़ी से उठाकर ले गए हैं. जिसके बाद जब अगले दिन उसका नशा उतरा जब सूरज ने बताया कि बिरजू खुले सीवर के अंदर गिर गया है. जिसके बाद इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन सीवर लगभग 10-15 फीट गहरा था, जिसके कारण उसे ढूंढ़ने में समय लगा और तब तक उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें- अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ड्रग्स का भंडाफोड़! साबुन के पैकेट से निकली करोड़ों की हेरोइन, यात्री को किया गया गिरफ्तार
