गुजरात के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट अहमदाबाद में टीम ने 6.8 करोड़ रुपए की हेरोइन को जब्त किया है. इस मामले में एक यात्री आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6.8 करोड़ की हेरोइन जब्त
गुजरात के अहमदाबाद में एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है. अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट और कस्टम्स विभाग की संयुक्त टीम ने 6.8 किलो हेरोइन को पकड़ा है. इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन को एक यात्री के पास से बरामद किया गया है. टीम द्वारा पकड़ी गई हेरोइन की कीमत लगभग 6.8 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
साबुन के अंदर छिपाया गया था नशीला पदार्थ
जानकारी के मुताबिक जब्त की गई हेरोइन को हर्बल और कुदरती साबुन के पैकैट्स के अंदर छिपाया गया था. बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन को चेन्नई के रहने वाले कुतुब सिहाबुद्दीन अब्बास के पास से पकड़ा गया है. यह आरोपी एयर एशिया की फ्लाइट AK91 से कुआलालंपुर से अहमदाबाद आया था. एयरपोर्ट पर उतरने के बाद में उसके ऊपर शक हुआ था.
कस्टम्स ने यात्री को रोका
इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों की प्रोफाइलिंग की दौरान आरोपी ग्रीन चैनल से गुजर रहा था. तभी उसकी हरकतों पर शक हुआ और कस्टम्स ने उसे रोक लिया. जिसके बाद अधिकारियों ने उसे डेल मेटल डिटेक्टर से गुजरने के लिए कहा, लेकिन कुतुब ने कोई भी प्रतिबंधित सामान होने से मना कर दिया.
बैग से निकले 29 पैकेट्स
जिसके बाद जब आरोपी कुतुब के बैग की जांच की गई, तो उसमें 29 पैकेट ऐसे मिले जो बाहर से देखने पर कुदरती और हर्बल साबुन लग रहे थे. जिसके बाद पैकेट्स काटा तो उसके अंदर से नशीला पदार्थ निकला. इसी के साथ में आरोपी के पास से सिल्वर फॉयर और कर्बन पेपर में लिपटे हुए 3 सफेद कवर भी मिले, जिसके अंदर ड्रग्स का जत्था छिपाया गया था. हालांकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. आरोपी ने बताया कि उसे यह पार्सल उसके दोस्त पानीर ने दिया था.
