राजधानी दिल्ली में पुलिस ने गोविंदपुरी में हुए मां-बेटे हत्याकांड के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करके उसे गिरफ्तार किया.

डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में बीते दिनों मां-बेटे की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में फरार चल रहे आरोपी की शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई है. इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मारी है. जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में की गई है.
कई टीमें कर रही थीं तलाश
पुलिस ने एनकाउंटर के बाद आरोपी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. आपको बता दें कि गोविंदपुरी इलाके में मां और बेटे की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार था. मामले को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड समेत कई टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था. जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी घाटी पार्क इलाके में मौजूद है.
पुलिस टीम पर की फायरिंग
आरोपी की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेर लिया. उस दौरान आरोपी पार्क में बैठकर नशा कर रहा था. पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस के पास जाने के बजाय टीम पर फायरिंग कर दी. आरोपी ने पुलिस टीम पर लगातार 4 राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की.
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे हत्या के पीछे की वजह और पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जा सके. फिलहाल आरोपी का अस्पताल में लगातार इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ें- अस्पताल के शौचालय में मची सनसनी! नाबालिग ने बच्चे को टॉयलेट में दिया जन्म; घबराई हालत में निकली बाहर
