दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में BSC नर्सिंग की छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे से बरामद हुआ है. छात्रा अस्पताल में तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है.
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. राजेंद्र नगर स्थित अस्पताल के हॉस्टल में शुक्रवार शाम 19 साल की एक BSC नर्सिंग छात्रा की मौत की मौत हुई है. छात्रा नर्सिंग की तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ का हिस्सा भी थी. जानकारी के मुताबिक वह दिल्ली के नजफगढ़ इलाके की रहने वाली थी. शुरुआती तौर पर छात्रा की मौत को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है.
अस्पताल प्रशासन ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक छात्रा अस्पताल परिसर में बने हॉस्टल में रहती थी. शुक्रवार शाम वह अपने कमरे में मृत हालत में पायी गई. इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने कमरे से जरूरी सबूत जुटाए हैं.
कई लोगों से हो सकती पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने हॉस्टल के कमरे और आसपास के हिस्से की गहीनता के साथ जांच की. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया. जानकारी के मुताबिक जांच के दौरान छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों और अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा सकती है. पुलिस छात्रा के हाल के दिनों की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक छात्रा के इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. फिलहाल किसी तरह के दबाव, पारिवारिक विवाद, पढ़ाई से जुड़ी परेशानी या अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस छात्रा की मौत के पीछे संभावित कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
