यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने मायावती और अखिलेश यादव के साथ 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी है. बताया जा रहा है कि 11 मंत्रियों को भी सुरक्षा कवच दिया गया है.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव बेहद करीब है. अब चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. राज्य में 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं. इनमें अखिलेश यादव और मायावती समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुरक्षा सूची में हैं. प्रदेश सरकार के 11 मंत्रियों को भी बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई है.
आपको बता दें कि जिन मंत्रियों को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गयी है, उनमें संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और ओम प्रकाश राजभर जैसे नाम शामिल हैं. अपर्णा यादव, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह को भी सुरक्षा कवच देने का फैसला लिया गया है.
15 लाख रुपए है जैकेट की कीमत
जानकारी के मुताबिक सुरक्षा मुख्यालय ने लगभग 1.5 लाख रुपये प्रति जैकेट की दर से इनकी खरीद की है. पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट दी गई. बताया जा रहा है कि यूपी में कुल 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. चुनावी रैलियों और जनसभाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है.
रैलियों और रोड शो से पहले सुरक्षा बढ़ी
आपको बता दें कि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव है और इस दौरान नेताओं की ओर से जनसभा और रैलियां किए जाने की संभावना है. नेताओं की जनसभाओं, रैलियों और रोड-शो के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है. राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मद्देनजर योगी सरकार ने किसी भी अप्रिय घटना और हमले की आशंका को खारिज करने के लिए यह कदम उठाया है.
हालांकि अभी तक सुरक्षा एजेंसियों के प्रोटोकॉल के तहत जैकेट देने के तकनीकी और खुफिया कारणों पर सरकार और सुरक्षा मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
