राजधानी दिल्ली में जल्दी ही यमुना नदी में एक क्रूज का संचालन किया जाएगा. यह क्रूज दिल्ली की जनता के लिए वजीराबाद से सोनिया विहार तक चलाया जाएगा. दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि नवी मुंबई में उन्होंने इसका निरीक्षण किया है और जल्द ही क्रूज का निर्माण पूरा होकर उसे दिल्ली लाया जाएगा.
20 जनवरी को दिल्ली लाया जाएगा क्रूज
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को नवी मुंबई में बन रहे क्रूज का निरिक्षण किया है. उन्होंने बताया है कि क्रूज को जल्दी ही दिल्ली में यमुना नदी में चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि क्रूज लगभग आधा बन गया है और अपने लास्ट स्टेज पर है. मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इस क्रूज को 20 जनवरी को नवी मुंबई से दिल्ली के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद लगभग 4 से 5 दिनों में यह दिल्ली पहुंच जाएगा.
दिल्ली में लगाया जाएगा क्रूज में इंजन
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि जल्दी ही दिल्ली की यमुना नदी में क्रूज संचालन का काम किया जाएगा. उन्होंने इसे दिल्ली सरकार का सबसे बड़ा कदम बताया है, कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में आने के बाद में इस क्रूज में इंजन को लगाया जाएगा और फरवरी महीने में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसे दिल्ली के लोगों को सौंप देंगी. यह क्रूज लोगों को 1 घंटे की राउंड ट्रिप देगा.
क्रूज में क्या होगा खास?
दिल्ली की यमुना नदी में चलने वाला यह क्रूज वजीराबाद से सोनिया विहार की ओर अपस्ट्रीम दिशा में चलेगा. यह लोगों को एक घंटे की राउंड ट्रिप देगा. इस क्रूज में एक साथ लगभग 40 लोग सफर कर सकेंगे. मंत्री कपिल मिश्रा का कहना है कि इसकी मदद से दिल्ली की जनता को कम पैसों में काफी शानदार और लग्जरी फील मिलेगा. उन्होंने बताया कि क्रूज में भोजन के साथ एंटरटेनमेंट और म्यूजिक जैसी सुविधाएं भी मौजूद होंगी.
व्यक्तिगत और ग्रुप दोनों तरह के पैकेज की व्यवस्था
दिल्ली में चलने वाले इस क्रूज में शुरुआत में व्यक्तिगत और ग्रुप दोनों तरह के पैकेज की व्यवस्था होगी. मंत्री ने बताया कि इसे जहां से चलाया जाएगा, उस जगह पर वॉटर स्पोर्ट्स हब और एंटरटेनमेंट के लिए एक खास तरह के जोन का निर्माण भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार का यह कदम दिल्ली में नई मनोरंजन की सुविधाएं और पर्यटन को बढ़ावा देना है.
