हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवक की कृत्रिम झील में डूबने के कारण मौत हो गई. युवक कृत्रिम झील में अपने दोस्तों के साथ नहा रहा था, इसी दौरान वह डूब गया. पुलिस ने शव को बरामद करके मोर्चरी में रखवा दिया है.
कृत्रिम झीम में नहाते हुए युवक की मौत
हरियाणा के फरीदाबाद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां एक युवक की कृत्रिम झील में नहाते समय डूबने के कारण मौत हो गई. मृत युवक की पहचान 21 साल के अभिषेक के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक युवक दिल्ली के बसंत गांव का रहने वाला था. युवक फरीदाबाद की एक कृत्रिम झील में नहा रहा था और उसमें वह डूब गया.
दोस्त भी नहीं बचा पाए जान
झील में डूबने के कारण युवक की मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि युवक के साथ उसके दोस्त भी नहा रहे थे, लेकिन डूबते हुए वो लोग भी युवक को मरने से बचा नहीं पाए. इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक के शव को बरामद कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
4 दोस्तों के साथ नहा रहा था युवक
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि मृतक के परिवार से संपर्क कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि अभिषेक नाम का युवक अपने 4 दोस्तों के साथ मंगलवार को लगभग दोपहर में 3.30 बजे के आसपास झील पर गया था. युवक नहाते समय झील में पानी के काफी अंदर चला गया और इसी दौरान वह डूबने लगा. जिसके बाद युवकों ने मदद के लिए आवाजें भी लगाईं, लेकिन किसी के मदद के लिए पहुंचने से पहले ही युवक झील में डूब गया.
प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था युवक
जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद काफी देर मेहनत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया. शव को निकालने के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि अभिषेक एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया है.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में दिन-दहाड़े घर से चोरी! बच्चों को झूठ बोल घर में घुसे चोर; 2 गैस सिलेंडर लेकर फरार
