दिल्ली के कनॉट प्लेस पर एक युवक पार्टी में शामिल होने गया था, लेकिन यहां कुछ डिलीवरी बॉयस से उनका विवाद हो गया. इसी दौरान 3 लोगों ने युवक के ऊपर कई हमले कर दिए जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इलाज के दौरान युवक की मौत
राजधानी दिल्ली के दिल में एक घटना से सभी चौंक गए हैं. दिल्ली के दिल यानी कनॉट प्लेस में देर रात दोस्तों के साथ पार्टी करने गया एक युवक घर वापस नहीं लौट सका. जानकारी के मुताबिक 36 साल के शिवम गुप्ता कुछ समय तक अस्पताल में भर्ती रहे और फिर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खाना डिलीवरी करने वाले कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया था.
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास हुआ विवाद
इस पूरे मामले में आरोप है कि कुछ डिलीवरी युवकों से उनका विवाद हो गया था. इसी विवाद के दौरान युवकों ने शिवम के सिर पर कई हमले किए. जिसके चलते शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया. आपको बता दें कि लक्ष्मी नगर निवासी शिवम गुप्ता 2 जनवरी को अपने दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में एक पार्टी में शामिल होने गए थे. इसी दौरान उनका राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास कुछ डिलीवरी वॉयस से विवाद हो गया.
3 लोगों ने किया हमला
यह विवाद देखते ही देखते काफी बढ़ गया और उनमें से 3 लोगों ने शिवम के ऊपर हेलमेट से हमला कर दिया. इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि 3 जनवरी को रात करीब 1.30 बजे PCR कॉल मिली थी, कि एक युवक बेहोशी हालत में पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को अस्पताल पहुंचाया. शिवम गुप्ता को 4 जनवरी राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर किया गया था, जिसके बाद 5 जनवरी को उनका ऑपरेशन हुआ था.
इलाज के दौरान हुई युवक की मौत
डॉक्टरों ने शिवम के सिर में कई गंभीर चोटों के साथ हेमेटोमा पाया. 5 जनवरी को ऑपरेशन के बाद युवक की हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन 19 जनवरी को युवक की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. इस मामले में शिवम के परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें- खुद को बताते कंपनी का बॉस! कर्मचारियों से कर रहे थे ठगी, गुरुग्राम पुलिस ने 2 नाइजीरियन नागरिकों को किया गिरफ्तार
