Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर लगभग 2 करोड की ड्रग्स पकड़ी गई है. सीमा शुल्क और एयर इंटेलिजेंस की टीम ने बैंकॉक से आए एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 2.05 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है. यात्री को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
बिस्किट के डिब्बों में छिपा था ‘हरा नशा’
बैंकॉक से लखनऊ आने वाली फ्लाइट संख्या FD-146 से इसे तस्करी कर लाया गया. अधिकारियों को मुखबिरों से इसकी सूचना पहले मिल चुकी थी. इसी इनपुट के आधार पर संदिग्ध यात्री को रोककर उसकी तलाशी ली गई. यह नशा बिस्कुट के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था. यात्री के पास बरामद हुई ड्रग्स ट्राली बैग के अन्दर 8 टिन बाक्स में पाई गई. ड्रग्स का कुल वजन 5 किलो 88 ग्राम बताया जा रहा है.
कीमत लगभग 2.05 करोड
अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2.05 करोड है. मौके पर मौजूद फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जब इसकी जांच की गई, तो पुष्टि हुई कि यह उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा है. एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत यात्री को गिरफ्तार किया गया है.
क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा?
यह साधारण गांजे से काफी अलग और महंगा होता है. इसे बिना मिट्टी के, केवल पोषक तत्वों से भरपूर पानी और नियंत्रित तापमान में उगाया जाता है. अपनी उच्च गुणवत्ता और अधिक नशा होने के कारण विदेशी बाजारों और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में इसकी काफी डिमांड रहती है.
