Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) से 5 किशोर बंदी छत कूदकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई.
11 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) के प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी की ओर से थाना सिविल लाइंस में 11 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. दर्ज मुकदमे में फरार हुए 5 किशोरों के साथ 1 कांस्टेबल, 3 होमगार्ड और 2 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं.
कहां के रहने वाले हैं फरार किशोर?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार किशोरों की तलाश में टीमों को लगाया गया है. बताया जा रहा है कि फरार हुए किशोरों में 2 अमरोहा जनपद (यूपी) के, 1 मुरादाबाद का और 2 उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के निवासी हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार किशोरों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
