समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर बुधवार को ED ने छापेमारी की है. इस दौरान अधिकारियों ने कई दस्तीवेज और डिजिटल उपकरणों को जब्त किया है.

सपा के पूर्व विधायक के ठिकानों पर छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की है. ईडी की टीम ने बुधवार को झांसी और लखनऊ के कई इलाकों में कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई धनशोधन यानी मनी लॉंड्रिंग से जुड़े हुए मामले में की जा रही है. टीम ने कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और संपत्तियों से जुड़े हुए रिकॉर्ड्स को जब्त किया है.
कार्रवाई का उद्देश्य सबूतों को इकट्ठा करना
आपको बता दें कि ED ने पूर्व विधायक और उनके परिवार के साथ उनसे जुड़े हुए लोगों और कारोबार के साथ आवासीय और व्यापारिक परिसरों में तलाशी अभियान चलाया है. इस कार्रवाई की उद्देश्य अपराध से बनाई गई संपत्तियों, वित्तीय लेनदेन, लाभकारी स्वामित्व और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों के संबंध में सबूतों को इकट्ठा करना है. यह जांच ED द्वारा दर्ज की गई एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ECIR) पर आधारित है.
आय से ज्यादा संपत्ति
ECIR रिपोर्ट पूर्व विधायक के पास आय से अधिक संपत्ति होने के आरोपों से जुड़ी उत्तर प्रदेश विजिलेंस एस्टेब्लिशमेंट की FIR के आधार पर दर्ज की गई है. पूर्व विधायक के खिलाफ आरोप है कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, जिसके आधार पर ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत जांच को शुरू किया था.
कई कागजातों को किया जब्त
छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और चल-अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड खंगाले हैं. टीम ने इसके साथ ही वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजातों को भी जब्त किया है. जांच एजेंसी का कहना है कि इन दस्तावेजों की जांच से अपराध करके कमाई गई संपत्ति का पता लगेगा और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी.
