Hormuz Tanker Attack: दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रास्ते होर्मुज में बीते 24 घंटे के भीतर तीन तेल टैंकरों पर हमले हुए हैं, जिसमें कतर ने सीधे ईरान पर अपने एलएनजी जहाज पर ड्रोन अटैक करने का आरोप लगाया है.

Hormuz Tanker Attack: दुनिया के सबसे व्यस्त और जरूरी समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर भयंकर तनाव फैल गया है. बीते 24 घंटे के अंदर यहां एक के बाद एक तीन कमर्शियल तेल टैंकरों पर हमले किए गए हैं. इन हमलों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की सप्लाई करने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता खड़ी कर दी है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह नई मुसीबत ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद भी दोनों देशों का आपसी तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
अज्ञात मिसाइल या ड्रोन से हुआ तीसरा हमला
ताजा घटनाक्रम में एक और व्यापारिक जहाज को निशाना बनाया गया है. ब्रिटेन की नौसैनिक गतिविधि की निगरानी करने वाली एजेंसी ‘यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ (UKMTO) ने इस बात की पुष्टि की है. एजेंसी के मुताबिक, समुद्र से गुजर रहे एक कमर्शियल टैंकर पर किसी अज्ञात चीज या मिसाइल से हमला किया गया है. इस हमले में जहाज के ऊपरी हिस्से को थोड़ा नुकसान पहुंचा है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है. साथ ही, समुद्र में तेल रिसने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है.
कतर और सऊदी अरब के जहाजों को भी बनाया निशाना
इस नए हमले से ठीक पहले, यानी मंगलवार को भी इस समुद्री रास्ते पर दो और जहाजों को निशाना बनाया जा चुका था. उनमें से एक जहाज कतर का था, जबकि दूसरा सऊदी अरब के झंडे वाला एक बड़ा कच्चा तेल का टैंकर था. इन दोनों जहाजों पर हुए हमलों के बाद से ही होर्मुज के रास्ते से गुजरने वाले सभी देशों के व्यापारिक जहाजों में डर का माहौल बना हुआ है. सुरक्षा एजेंसियों ने इस रूट से निकलने वाले सभी जहाजों को पूरी तरह अलर्ट रहने और किसी भी संदिग्ध चीज को देखते ही तुरंत सूचना देने के लिए कहा है.
कतर ने सीधे ईरान पर मढ़ा हमले का आरोप
इन हमलों के बाद कतर सरकार बेहद गुस्से में है. कतर ने खुलेआम ईरान पर आरोप लगाया है कि ईरान ने ही उनके एलएनजी (LNG) जहाज ‘अल रेकय्यात’ पर ड्रोन से हमला करवाया है. कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने साफ कहा कि यह हमला पूरी दुनिया के व्यापार और समुद्री सुरक्षा को खतरे में डालने की एक सोची समझी साजिश है. कतर ने इस पूरे मामले के लिए ईरान को कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि ईरान को ऐसी खतरनाक हरकतें तुरंत रोक देनी चाहिए.
जहाज के कप्तान का वो आखिरी ऑडियो मैसेज
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब कतर के जहाज पर ड्रोन से हमला हुआ, तो उसके इंजन रूम में भीषण आग लग गई. जहाज के कप्तान ने बेहद डरे हुए माहौल में रेडियो के जरिए मदद की गुहार लगाई थी. कप्तान ने अपने संदेश में कहा था कि हमारे इंजन रूम के ठीक ऊपर ड्रोन से हमला हुआ है और वहां हर तरफ काला धुआं भर गया है. जहाज में लिक्विड नेचुरल गैस (LNG) भरी होने के कारण बहुत बड़े धमाके का डर था. गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर सभी क्रू मेंबर्स की जान बचा ली. फिलहाल किसी भी संगठन ने इस तीसरे हमले की सीधी जिम्मेदारी नहीं ली है.
