इटावा जीआरपी पुलिस ने जंक्शन पर एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने युवक के पास मौजूद बैगों की तलाशी लेने के बाद उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. युवक के बैगों को जब खोला गया तो पुलिस के भी होश उड़ गए.
इटावा से पॉलिटेक्निक का छात्र गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के इटावा में जीआरपी पुलिस ने जंक्शन पर एक युवक को ट्रेन में छापेमारी करके गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इटावा जंक्शन पर सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में छापेमारी करके एक युवक को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किया गया युवक पॉलिटेक्निक का छात्र है. 22 साल का गौरव कुमार बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है.
5 बैगों में भरी थीं शराब की बोतलें
जानकारी के मुताबिक युवक दिल्ली से बेगूसराय जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छापा मारा. इस दौरान जीआरपी पुलिस ने युवक के पास मौजूद 4 पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग की तलाशी ली. जिसके बाद पुलिस के होश उड़ गए. युवक के पास मौजूद इन बैगों के अंदर कई अलग-अलग ब्रांड की 48 अवैध शराब की बोतलें बरामद हुई हैं.
युवक को भेजा जेल
पुलिस ने जंक्शन पर ट्रेन के रुकते ही युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने युवक को आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया है. जीआरपी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि युवक सुरक्षित तरीके से तस्करी करने के लिए एसी फर्स्ट क्लास का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे उसके ऊपर किसी को शक न हो पाए. पुलिस ने युवक के पास से बरामद हुए 4 पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग जब्त कर लिया है.
खुद को बताया बेकसूर
युवक के पास मौजूद सभी बैगों से लगभग 48 अवैध शराब की बोतलें बरामद हुई हैं. पूछताछ के दौरान छात्र ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह दिल्ली घूमने गया था और उसके दोस्त ने वापस आने के लिए रिजर्वेशन कराया था. युवक का दावा है कि उसके दोस्त ने उसे बैग दिए थे और कहा था कि उन्हें बेगूसराय पहुंचा दे. युवक ने बताया कि 4 अज्ञात लोगों ने उसके बैग कोच में रखे थे. छात्र ने बताया कि उसे इस मामले में कोई जानकारी नहीं थी.
यह भी पढ़ें- रेस्टोरेंट के खाने ने ले ली युवक की जान! मचूरियन और कढ़ाई पनीर कराया था पैक; 2 की हालत गंभीर
