फर्रुखाबाद में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची की टीम पर हमला कर दिया गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम के साथ मारपीट की गई. बताया जा रहा है कि मारपीट में JE का हाथ भी टूट गया.
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया. फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक उपभोक्ता के यहां जांच के दौरान विवाद हो गया. देखते ही देखते कुछ लोगों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में JE का हाथ टूट गया है. जानकारी के मुताबिक मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है.
शिकायत पर पहुंची थी टीम
जानकारी के मुताबिक बिजली मित्र की शिकायत के बाद बिजली विभाग की टीम बिजली चोरी की जांच करने के लिए एक उपभोक्ता के घर गई थी. इस दौरान टीम में SDO अजय, JE मुख्तार हुसैन और विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे. टीम जांच कर रही थी, इसी दौरान वहां विवाद की स्थिति पैदा हो गई. आरोप है कि इसी बीच कुछ लोगों ने JE मुख्तार हुसैन पर हमला कर दिया.
JE का टूट गया हाथ
बताया जा रहा कि मारपीट के दौरान JE मुख्तार हुसैन सड़क पर ही गिर पड़े. घटना के दौरान कुछ लोग उनके साथ मारपीट करते दिखाई दिए, जबकि कई लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे थे. मारपीट में JE को गंभीर चोटें आईं. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मारपीट के दौरान उनका हाथ टूट गया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद घायल JE को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जांच के दौरान विवाद कैसे शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे. फिलहाल तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
