सड़क धंसने के एक सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सड़क बनेगी तो धंसेगी और जब सड़क धंसेगी तो दोबारा बनेगी. अब उनका पर बयान जमकर वायरल हो रहा है. इसको लेकर कांग्रेस ने भी निशाना साधा है.
प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर में राम वन गमन मार्ग पर सड़क धंसने का मामला सामने आया. जिसके बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का एक बयान अब जमकर वायरल हो रहा है. वहीं इस बयान को लेकर कांग्रेस ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. यूपी कांग्रेस ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. कांग्रेस ने लिखा कि जनता का पैसा डूबे, तो डूबे- बीजेपी मंत्रियों के अहंकार और बेशर्मी की कोई सीमा नहीं!
सड़क बनेगी तो धंसेगी
सड़क बनेगी तो धंसेगी ही और अगर यह डूब गया तो इसे फिर से बनाया जाएगा. केशव मौर्य के बयान को लेकर कांग्रेस ने कहा कि यह बेहद गैर-जिम्मेदाराना और बेशर्म बयान का है, जो राम वनगमन मार्ग के उद्घाटन से पहले ही पहली बारिश में धंसने और तबाह होने पर आया है. जब लूट की आदत पड़ जाए, तो बेशर्मी ही सरकार का इकलौता विकास मॉडल बन जाती है.
डिप्टी सीएम ने दिया था जवाब
आपको बता दें कि राम वन गमन मार्ग पर सड़क धंसने के एक सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा था कि सड़क बनेगी तो धंसेगी और जब सड़क धंसेगी तो दोबारा बनेगी. लेकिन अगर कहीं पर गुणवत्ता खराब होगी, तो उसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे. डिप्टी सीएम ने कहा था कि अगर कोई सड़क धंसी है तो उसमें सुधार किया जाएगा.
नकल को लेकर अखिलेश पर निशाना
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान अखिलेश यादव पर भी हमला बोला था. 26 हजार बेसिक स्कूलों को बंद करने के लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा था कि सूप बोले तो बोले चलनी न बोले, क्योंकि सपा के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई थी. इस दौरान केशव मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह की सरकार में राजनाथ सिंह शिक्षा मंत्री थे, उस समय नकल विरोधी अध्यादेश लाया गया था, लेकिन सपा की सरकार बनने के बाद अध्यादेश को वापस लेकर नकल करने की खुली छूट दे दी गई थी.
