Kanpur Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. बाइक टकराने के एक मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि तीन लोगों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में पिता और उनके एक बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज हैलट अस्पताल में चल रहा है.
पिता पुत्र की हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस से मुठभेड़
देर रात पिता पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों गिरफ्तार किया. तीसरे आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हुई. आरोपियों ने पिता पुत्र की सड़क पर पीट-पीट हत्या की थी. घटना के समय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था और दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया और तीसरे आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी.
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कोयलानगर निवासी मार्बल कारीगर शिवनारायण तिवारी अपने दो बेटों, शिवम और सत्यम के साथ काम खत्म कर देर रात घर लौट रहे थे. जैसे ही वे नौबस्ता स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के पास एक शराब ठेके के समीप पहुंचे, तभी उनकी बाइक की टक्कर पास से गुजर रहे कुछ लोगों से हो गई. देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. लोगों के अनुसार, आरोपियों ने पहले शिवनारायण और उनके बेटों पर हेलमेट से हमला किया. विवाद जब बढ़ा, तो दबंगों ने अचानक चाकू निकाल लिए और तीनों पर एक के बाद एक कई वार किए. चाकू के इन घातक हमलों से शिवनारायण और उनके बेटे शिवम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि दूसरा बेटा सत्यम जान बचाने के लिए संघर्ष करता रहा.
एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय जनता की सूझबूझ और तत्परता से भागने की कोशिश कर रहे तीन में से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया और उसे भीड़ ने जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, अन्य दो आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे. सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची. और तीनों घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल सत्यम की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके साथियों की पहचान की जा सके. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: ‘मेहनत बेकार हो गई…’, NEET परीक्षा रद्द होने से टूट गई छात्रा; फांसी लगाकर किया सुसाइड
