गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में मौजूद अवैध मदरसे को बुलडोजर से गिरा दिया गया है. प्रशासन ने इस दौरान 5 बुलडोजरों की मदद से इस कार्रवाई को लगभग दो घंटे में पूरा किया है. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा है.
गाजियाबाद में चला बुलडोज़र
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद कमिश्नरेट के मसूरी थाना क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां प्रशासन ने अवैध मदरसे को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान मौके पर 5 बुलडोजर पहुंचे थे. जिसके बाद इस कार्रवाई को लगभग 2 घंटे के अंदर पूरा कर लिया गया. जानकारी के मुताबिक सिर्फ 2 घंटों में पूरे निर्माण को गिरा दिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा.
भारी सुरक्षा बल तैनात
बुधवार को गाज़ियाबाद के मसूरी इलाके के जिस मदरसे पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई, ये अवैध रूप से बना था. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन की बुलडोज़र कार्रवाई के दौरान मौके पर 3 प्लाटून RAF, 2 कंपनी PAC, दूसरे जोन से 500 पुलिसकर्मी, स्थानीय स्तर पर लगभग 300 पुलिसकर्मी, 8 थाना प्रभारी के साथ अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया था.
कार्रवाई से पहले सुनाया आदेश
कार्रवाई शुरू करने से पहले तहसीलदार ने वहां मौजूद लोगों को माइक के जरिए प्रशासनिक और कानूनी आदेश को पढ़कर भी सुनाया. इसके बाद बुलडोज़र कार्रवाई शुरू की गई. प्रशासन ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मदरसा संचालक फारूक पर ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप है. बताया जा रहा है कि साल 2021 में इस जमीन पर कब्जा करने के बाद मदरसे का निर्माण कराया गया था.
24 करोड़ रुपए है कीमत
जिस मदरसे के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है उसका नाम मदरसा जामिया अरबिया इशातुल इस्लाम बताया जा रहा है. यह मदरसा
मसूरी क्षेत्र के कल्लूगढ़ी इलाके में मौजूद था. अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यह जमीन सरकारी बंजर जमीन के रूप में दर्ज है. आपको बता दें कि कुल 12 बीघा जमीन पर कब्जे की बात सामने आ रही है. प्रशासन के मुताबिक, जमीन की कीमत लगभग 24 करोड़ रुपए के आसपास आंकी गई है.
मदरसा संचालक पर भारी जुर्माना
आपको बता दें कि इस दौरान प्रशासन ने मदरसा संचालक फारूक के ऊपर 1 करोड़ 23 लाख रुपए का जुर्माना लगाते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि लेखपाल अनुपम मिश्रा की शिकायत पर मसूरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब मदरसे के संचालन और निर्माण के लिए फंडिंग की जांच की जाएगी.
ये भी पढ़ें: जयपुर में तेज रफ्तार का कहर! MBBS छात्र ने युवक को मारी टक्कर; CCTV आया सामने
