गाजियाबाद में पंजाब एंड सिंध बैंक के गार्ड ने छुट्टी को लेकर विवाद के चलते बैंक के मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी की जा रही है.
बैंक के गार्ड ने की मैनेजर की हत्या
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर में सोमवार को दोपहर लगभग 1.45 बजे से आसपास बड़ी वारदात हो गई. यहां दोपहर में पंजाब एंड सिंध बैंक के गार्ड ने बैंक के मैनेजर की हत्या कर दी. इस घटना के बाद बैंक के अंदर हड़कंप मच गया और लोगों के अंदर दहशत बैठ गई.
बैंक के अंदर ही मारी गोली
जानकारी के मुताबिक बैंक के गार्ड और मैनेजर के बीच में काफी समय से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते गार्ड ने बैंक के अंदर ही मैनेजर के गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद में आरोपी हथियार को लहराते हुए मौसे से फरार हो गया. मृत व्यक्ति की पहचान अभिषेक शर्मा के रूप में की गई हैं. वहीं आरोपी गार्ड की पहचान रवींद्र हड्डा के रूप में की गई है.
छुट्टी के पीछे शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि आरोपी बागपत का रहने वाला है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बैंक के गार्ड और मैनेजर के बीच में काफी समय से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. इस विवाद के कारण कई बार दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी, लेकिन सोमवार को यह विवाद काफी बढ़ गया और गुस्से में आकर गार्ड रवींद्र ने मैनेजर को गोली मार दी.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
गोली लगने के बाद तुरंत ही मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. आरोपी गार्ड को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. एसीपी ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- केरलम विधानसभा चुनावों से पहले BJP ने खोले पत्ते, जारी की 47 उम्मीदवारों की लिस्ट
