महाराष्ट्र के पुणे जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, चाकन शहर में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने महिला पर इतनी बुरी तरीके से हमला किया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में कुत्ते और उनके बढ़ रहे आतंक को लेकर डर का माहौल है. मृत महिला नाम शोभा विजय वाघमारे है. वह नांदेड़ जिले के देगलूर की निवासी है. वह कुछ समय से चाकन इलाके में रह रही थी.
महिला को बुरी तरह नोच किया घायल
सीसीटीवी में कैद के अनुसार 16 मार्च दिन सोमवार को महिला रात 2 बजे के आसपास अंबेटन चौक के फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर जा रही थी. इसी बीच अचानक से उसपर 6 छह आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. महिला ने पत्थर की मदद से कुत्तों को भगाने का भी पूरा प्रयास किया, लेकिन उन छह कुत्तों के सामने वह अकेली पड़ गई. सीसीटीवी में साफ दिखाई दिया कि कुत्तों ने महिला के हाथ, पैर, चेहरे और गर्दन पर काफी गहरे जख्म कर दिए. उन जख्मों से ज्यादा खून बहने के कारण महिला की 15 मिनट के अंदर ही मौत हो गई.
महिला का शव अर्धनग्न हालत में
सुबह के समय जब स्थानीय लोगों ने शव देखा, तो वह अर्धनग्न में था. सभी लोगों को लगा कि महिला के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस जांच में घटना का खुलासा हुआ. इस मामले के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. साथ ही आवारा कुत्ते को काटने वाला मुद्दा फिर से सुर्खियों में दिखाई दे रहा है.
ये भी पढ़ें: नवरात्रि में कलश स्थापना का सही समय और महत्व, यहां जानिए एक क्लिक में
