Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में नकली नोटों का कारोबार करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 234 नकली नोट बरामद किए हैं. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. गिरफ्तार किए आरोपियों द्वारा नकली नोटों को कम कीमत में बेचा जाता था. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नकली नोटों के कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है.
तीन गिरफ्तार
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि थाना लोनी बॉर्डर पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 234 नकली नोट बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुबोध कुमार शाह, रोहित तथा मुन्ना के रूप में हुई है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों और मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है. ज्ञान प्रकाश राय, एसीपी, गाजियाबाद ने बताया कि तीन अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. एक लाख 17 हजार 234 भारतीय करेंसी बरामद हुई है जो की नकली है. पूछताछ में पता चला कि ये गिरोह बनाकर काम करते हैं. सुबोध और रोहित आपस में सगे चाचा भतीजा हैं. ये दिल्ली में रहते हैं और मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं. मुन्ना नोएडा का रहने वाला है और ऑटो चलाता है. पूछताछ में पता चला कि सुबोध पर पहले भी मुकदमा दर्ज हुआ.
बाजार में खपाते थे नकली नोट
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी नकली नोटों को बाजार में खपाकर तगड़ा मुनाफा कमाते थे. कई बार आरोपी नकली नोटों को असली नोट बताकर बेचते थे. नेटवर्क के तहत गिरफ्तार किए आरोपी लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक उर्फ गज्जू को नकली नोट सप्लाई करने आए थे. ये अभिषेक नकली नोटों को सप्लाई आगे करने वाला था. सप्लाई करने पहुंचे तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि अभिषेक मौके से पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया. अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है.
ये भी पढ़ें;यूपी के दो धुरंधर IPS अधिकारियों की हुई सगाई, राजस्थान में लेंगे सात फेरे, जानें शादी का पूरा शेड्यूल
