उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक महिला ने अपने 4 साल के पोते की हत्या कर दी. पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी महिला का अपनी बहू से जेवर और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में महिला ने अपने पोते को निशाना बनाया.

दादी ने की पोते की हत्या
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में पुलिस ने 4 साल के मासूम की हत्या के मामले में खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में मृतक सिद्धार्थ मौर्य की दादी को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी दादी ने हत्या की बात को स्वीकार कर लिया है.
खेलते हुए गायब हो गया मासूम
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोडी खास गांव का है. 6 जुलाई को 4 साल का मासूम सिद्धार्थ घर के बाहर खेलते समय अचानक से लापता हो गया था. तलाशी के बाद भी कुछ पता न लगने पर परिजनों ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस की तलाशी के दौरान लगभग 4 दिनों बाद 10 जुलाई की सुबह महिलाओं ने एक शव को खेत में देखा था.
घटना के समय गायब थी दादी
शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान शव की पहचान सिद्धार्थ मौर्य के रूप में की गई. पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दौरान बच्चे की दादी कबूतरी देवी भी घर से गायब थी. दादी पर शक होने के बा पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की. इस दौरान सामने आया कि महिला का अपनी बहू से जेवर और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.
बहू को देने थे 50 हजार रुपए
जांच के मुताबिक पहले हुई एक पंचायत में 50 हजार रुपए बहू को देने की बात कही गई थी, जिसके कारण विवाद बन हुआ था. पुलिस ने दावा किया कि इसी रंजिश के चलते महिला ने अपने पोते की हत्या कर दी. घटना के दिन महिला ने बच्चे को अपने पास बुलाया और घर के पास झाड़ियों में ले जाकर उसकी नाक और गला दबा दिया और शव को झाड़ियों में फेंक दिया.
