देश के चर्चित व्लॉगर सौरभ जोशी विवादों में घिर गए हैं. उन्होंने एथेनॉल पेट्रोल के इसेतमाल से अपनी कार के माइलेज को लेकर एक बयान दिया था. अब सोशल मीडिया पर उनके इस बयान पर लोग कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

विवादों में घिरे सौरभ जोशी
देश में इन दिनों एथेनॉल पेट्रोल को लेकर काफी बहसबाजी हो रही है. लोकप्रिय व्लॉगर्स में शामिल सौरभ जोशी अब एथेनॉल को लेकर विवादों में घिर गए हैं. आपको बता दें कि हाल में एक व्लॉग में उन्होंने एथेनॉल के साथ मिक्स किए हुए पेट्रोल को लेकर एक बयान दिया था. उन्होंने अपनी लग्जरी कार के माइलेज से जुड़ा हुआ एक दावा किया था. अब उनकी संपत्ति को लेकर सौरभ जोशी सुर्खियों में आ गए हैं.
व्लॉग में किया माइलेज का जिक्र
आपको बता दें कि सौरभ के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. दरअसल, यह पूरा मामला सौरभ जोशी के एक व्लॉग से शुरू हुआ है. उन्होंने व्लॉग में अपनी मर्सिडीज कार की परफॉर्मेंस का जिक्र करते हुए कहा था कि एथेनॉल पेट्रोल का इस्तेमाल करने से उनकी कार का माइलेज पहले जैसा नहीं रह गया है. उन्होंने दावा किया पहले उनकी कार 17 का माइलेज देती थी, लेकिन एथेनॉल पेट्रोल के कारण कार का माइलेज सिर्फ 5 का रह गया है.
सोशल मीडिया पर बहस तेज
सौरभ जोशी के इस बयान के सामने आते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू किया. कई लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया, तो वहीं कुछ लोगों ने उनके दावे पर सवाल खड़े कर दिए. सोशल मीडिया पर कई ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स ने दावा किया कि वो जिस मर्सिडीज कार की बात कर रहे हैं, कंपनी उसके लिए प्रीमियम पेट्रोल की सलाह देती है.
सौरभ जोशी की तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं
लोगों ने दावा किया कि अगर अनुशंसित ईंधन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है तो माइलेज और इंजन की परफॉर्मेंस दोनों ही प्रभावित हो सकती हैं. कुछ लोगों ने कहा कि एथेनॉल पर सवाल उठाने से पहले वाहन की तकनीकी जरूरतों को भी समझना काफी जरूरी होता है. हालांकि अभी तक इस मामले में सौरभ जोशी और उनकी टीम की तरफ से इसको लेकर किसी तरह का कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
इलेक्ट्रिक G-Wagon का भी किया जिक्र
आपको बता दें कि व्लॉग में बयान के दौरान उन्होंने अपनी इलेक्ट्रिक G-Wagon का जिक्र करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण भविष्य में इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. हालांकि कुछ लोगों ने इसे पहले दिए गए बयान से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है. सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि पहले के व्लॉग में सौरभ की कुल संपत्ति 50 करोड़ रुपए के आसपास बताई जाती थी, लेकिन हालिया व्लॉग में उन्होंने अपने पास लगभग 100 करोड़ की संपत्ति होने का जिक्र किया है.
ED की कार्रवाई के दावे
अब इंटरनेट पर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं. सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई की बातें भी कही जा रही हैं. हालांकि अभी तक किसी तरह से सौरभ जोशी के खिलाफ जांच या छापेमारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सौरभ जोशी अपने बयान के कारण अब विवादों में घिरे दिखाई दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 50 हजार रुपए ने ली मासूम की जान! गाजीपुर में दादी ने की पोते की हत्या; बहू से चल रहा था विवाद
