अमेठी जनपद के गोरीगंज कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक युवती का शव उसके घर से केवल 100 मीटर की दूरी पर ही मिला है. मामले के बाद से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है.
घर से केवल कुछ ही दूरी पर मिला था शव
जानकारी के अनुसार चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में एक युवती की लाश घर के पास से मिली है. मृतका की छोटी बहन ने बताया कि जब वह लोग जब सो रहे थे, तब सुबह किसी ने आकर बताया कि उसकी बहन की लाश खेत में पड़ी हुई है. बड़े भाई ने बताया कि जब सुबह हम जानकारी मिलने पर गए तो देखा कि बहन के कपड़े अस्त व्यस्त थे. शुरू में लगा कि वह बेहोश है, लेकिन जब जाकर देखा तो वह मर चुकी थी. भाई ने बहन के साथ दुष्कर्म करने के बाद में हत्या कर देने की शंका जताई है.
दीदी कॉल पर बातें कर रहती थी परेशान
छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि अकसर दीदी किसी से बातें करती थी. वह बार-बार उनसे कहती कि कॉल मत किया करो, जिसके बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस अधिक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने 22 वर्षीय लड़की की संदिग्ध तरीके से मौत का मुकदमा दर्ज किया है. 4 टीमों का गठन किया गया है ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके. साथ ही पूरे परिवार का बयान दर्ज किया जा रहा है. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत को इकट्ठा किया जा रहा है.
युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं ताकि मामले का पूरा खुलासा हो सके. वहीं, मोबाइल फोन चेक करके युवक का पता लगाया जा रहा हैं, जिस पर छोटी बहन ने दीदी को परेशान करने की बात की है. रिपोर्ट आने के बाद ही मामला पूरी तरीके से सुलझ पाएगा.
ये भी पढ़ें: नाना की जमीन को लेकर विवाद! शाहजहांपुर में युवक की गोली मारकर हत्या; मृतक का भाई गंभीर रूप से घायल
