उत्तर प्रदेश से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. ग्रेटर नोएडा में ठंड से बचने के लिए 2 भाई कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए. जिसके बाद सुबह दरवाजा खुला, तो दोनों भाइयों की लाश मिली, बताया जा रहा है कि दम घुटने के चलते उनकी मौत हो गई थी.
बंद कमरे में 2 युवकों की मौत
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव से एक दर्दनाक और दुखद घटना सामने आई है. यहां रात में ठंड से बचने के लिए 2 चचेरे भाइयों ने अपने कमरे में अंगीठी जलाई, जिसके बाद वे दोनों सो गए. जिसके बाद सुबह के समय काफी समय तक कमरे का दरवाजा न खुलने के कारण लोगों को चिंता हुई, तो उन्होंने दरवाजे को तोड़ दिया. जब लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा, तो दोनों भाइयों के शव पड़े मिले.
किराए पर रहते थे दोनों भाई
ग्रेटर नोएडा में अंगीठी जलाकर मरने वाले युवक रिश्ते में चचेरे भाई थे और नौकरी की तलाश करते हुए कुछ समय पहले ही ग्रेटर नोएडा आए थे. मृतकों की पहचान 19 साल के साहिल और 30 साल के फुरकान के रूप में की गई है. दोनों भाई पेशे से कारपेंटर बताए जा रहे हैं और जलपुरा गांव में किराए के कमरे में रहते थे. दोनों युवकों के परिजनों ने बताया कि बारिश के चलते वे शुक्रवार को काम पर नहीं गए थे.
कमरे में भर गई खतरनाक गैस
इस मामले को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों भाइयों की मौत दम घुटने के कारण हुई है. जानकारी के मुताबिक बंद कमरे में अंगीठी के जलाने से कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिसके कारण दोनों चचेरे भाइयों का दम घुट गया. आपको बता दें कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बिना गंध वाली गैस होती है और यह धीरे धीरे इंसान को बेहोश कर देती है, जिसके बाद लोगों की मौत हो जाती है.
बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव ले गए परिजन
यह पूरा मामला ईकोटेक थर्ड कोतवाली क्षेत्र के जलपुरा गांव का है. इस घटना की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजन ग्रेटर नोएडा आकर उनके शवों को उनके पैतृक गांव ले गए. इस मामले में ईकोटेक थर्ड थाना प्रभारी ने बताया कि युवकों के परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना मृतकों के शव ले गए हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले में परिजनों ने अभी तक किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी है.
यह भी पढ़ें- गृह मंत्रालय ने खोला सम्मान का पिटारा, CRPF, पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों को गणतंत्र दिवस पर मिलेगा अवॉर्ड
