ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में हॉर्न बजाने और रास्ता मांगने को लेकर कुछ दबंगों ने युवक-युवतियों की पिटाई कर दी. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
हॉर्न बजाने के कारण शुरू हुआ विवाद
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से हिंसा का एक मामला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मौजूद आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में शनिवार को देर रात में मामूली सी कहासुनी ने भारी हिंसा का रूप ले लिया. जानकारी के मुताबिक हार्न बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, लेकिन देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दबंगों ने कार सवार युवक-युवतियों के ऊपर बेसबॉल बैट और हॉकी और डंडों से हमला कर दिया.
रात में डिनर करने जा रहे थे पीड़ित
बताया जा रहा है कि इस हमले में एक युवक के सिर में फ्रैक्चर हो गया. साथ ही बदमाशों ने कार को भी बुरी तरह से हमला करके तोड़ दिया. विवाद के बाद में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित आयुष ने बताया कि वह अपने साथी वेदांत, श्वेता और निशा के साथ में रात के लगभग 1 बजे के आसपास डिनर के लिए सोसाइटी के बाहर जा रहे थे. इसी दौरान गेट पर खड़ी एक कार वालों से विवाद हो गया.
सोसाइटी के बाहर निकलते ही रोता
आयुष ने बताया कि गेट के पास में एक कार बीच सड़क पर खड़ी थी. उन्होंने रास्ते को खाली कराने के लिए हॉर्न मारा जिससे कार सवार अनिश और शाहरुख ने आपत्ति जताई. आरोप है कि दोनों लोगों ने उनकी कार का पीछा किया और जैसे ही सोसाइटी के बाहर निकले तो उन्होंने रोक लिया. जिसके बाद में फिरोज नाम का एक युवक भी मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करके मारपीट शुरू कर दी.
एक युवक हो गया मौके पर बेहोश
जानकारी के मुताबिक इस हमले में वेदांत गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश होकर वहीं गिर गया. जिसके बाद में पीड़ितों ने डायल-112 पर सूचना दी और घायल को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया. जिसके बाद में उसे दिल्ली के मणिपाल अस्पताल में रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर में स्कल फ्रैक्चर हुआ है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गाजियाबाद के रहे वाले शाहरुख और अमरोहा के रहने वाले अजीम को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई वरना कार और बेसबॉल बैट के साथ में डंडे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की 110, 115(2), 352, 351(3) और 324(4) धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं बाकी आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें- अहमदाबाद 3 स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल, अलर्ट मोड पर आया प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
