उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दरोगा के घर में चोरी हो गई. नकाबपोश चोरों ने दरोगा रॉबिन सिंह के घर से सोना, चांदी और 20 हजार रुपए की नगदी गायब कर दी. पुलिस मामले में जांच कर रही है और आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
दरोगा के घर हो गई चोरी
उत्तर प्रदेश के आगरा से चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. आगरा में एक चौकी इंचार्ज दरोगा के घर पर ही चोरों ने लाखों का माल साफ कर दिया. जानकारी के मुताबिक आगरा के ट्रांसयमुना फेस-2 के डी-ब्लॉक में रहने वाले एक दरोगा रॉबिन सिंह छत्ता की डिविजन चौकी इंचार्ज हैं. रॉबिन सिंह यहां एक किराए के घर में रहते हैं.
मकान मालिक को किया बेहोश
जानकारी के मुताबिक शनिवार को दोपहर में दरोगा अपनी ड्यूटी पर गए और उन्होंने घर पर बाहर से ताला लगा दिया. रॉबिन सिंह की पत्नी भी अपने मायके गई हुई थी. जिसके बाद रविवार को तड़के कुछ नकाबपोश चोरों ने सरिए की मदद से घर के गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और घर में घुस गए. चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए और मकान मालिक के बेटे सूरज को नशीली चीज सुंघाकर बेहोश कर दिया.
सोना, चांदी के साख नगदी भी गायब
चोरों ने मकान मालिक के बेटे को बेहोश करने के बाद में पहली मंजिल पर धावा बोला. पहली मंजिल पर जाकर उन्होंने दरोगा के घर का भी ताला तोड़ा और अलमारी में रखा हुआ सोना, चांदी और 20 हजार रुपए की नगदी चोरी कर ली. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक चोरों ने दरोगा के घर से लाखों का माल गायब किया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पूरा मामला एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र का है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस की टीमें लगातार आसपास में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर कार्रवाई कर रही बैं.
यह भी पढ़ें- तूने हॉर्न कैसे बजाया… दबंगों ने युवक-युवतियों के साथ की मारपीट, हॉकी-डंडों से हमला कर फोड़ा एक का सिर
