ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतकों में पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं. मामले की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया. सूचना मिलके ही पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया. शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही आ पाएगी.
घटना के बाद आसपास के पड़ोसियों में दहशत का माहौल है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार रात में नूडल्स खाने के बाद सोने चला गया था. शनिवार सुबह जब घर से कोई हलचल नहीं हुई और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खोला तो पूरा परिवार बेड पर अचेत पड़ा हुआ था. उन्हें जगाने की कोशिश की गई लेकिन किसी के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी के अनुसार मृतकों की पहचान 38 वर्षीय महेश, उनकी 36 वर्षीया पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने रसोईघर से चाय के बर्तन, नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल कब्जे में ले लिए हैं ताकि लैब में जांच कराई जा सके. साथ ही मौत के पीछे की असली वजह का भी जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
एडिशनल DCP बोले— “हर पहलू से हो रही जांच”
पुलिस ने पंचनामा भरकर सभी पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है. आत्महत्या, जहरीला खाना या फिर किसी साजिश के कोण से भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा, खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, 8 की मौत
