मौसम विभाग ने गुजरात में 3 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात के कई जिलों में अगले 3 दिनों तक बिजली के साथ बारिश हो सकती है.
गुजरात में बारिश का अलर्ट
गुजरात में मौसम ने करवट ली है. आज से आगे के 3 दिनों तक गुजरात में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में बेमौसम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 अलग-अलग मौसम प्रणालियां एक्टिव होने के कारण मौसम में इस तरह से बदलाव आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और एक वर्षा क्षेत्र एक्टिव होने के कारण बारिश की स्थिति बनी हुई है.
कई इलाकों में हो सकती बारिश
मौसम विभाग ने 4 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में बिजली के साथ हल्की और मध्यम बारिश का अंदाज लगाया है. आपको बता दें कि दक्षिणी गुजरात में आज सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना बनी हुई है. दक्षिणी गुजरात के कई इलाकों में बिजली गिरने की भी उम्मीद जताई जा रही है. कच्छ, बनासकांठा, पाटन, साबरकांठा, मेहसाना, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, वडोदरा, भरूच, छोटा उदयपुर, दाहोद, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग, वलसाड, दमन और दादरा-नगर हवेली जैसे इलाकों में हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
3 और 4 अप्रैल को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने गुजरात के कई इलाकों में 3 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. 3 अप्रैल को कच्छ, बनासकांठा, साबरकांठा, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली और भावनगर में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं इसी के साथ 4 अप्रैल को भी कई इलाकों में गरज-बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है.
इन जिलों में है अलर्ट
गुजरात में 4 अप्रैल को कई जिलों में गरज-बिजली के साथ बारिश हो सकती है. इन जिलों में अमरेली, भावनगर, अरावली, महिसागर, दाहोद, पंचमहाल, वडोदरा, भरूच, छोटा उदयपुर और नर्मदा जैसे जिले शामिल हैं. गुजरात में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. किसानों और आम लोगों से बेहद सावधानी बरतने के लिए कहा गया है.
यह भी पढ़ें- परिवार के विरोध ने छीनी जिंदगियां! आपस में नहीं हुई शादी तो कपल ने किया सुसाइड; हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे कूदे
