हरियाणा के गुरुग्राम में एक बारात के दौरान साइड को लेकर कुछ दबंगों ने बारातियों के ऊपर हमला कर दिया. इस हमले में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस मामले में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान कर रही है.
बारातियों के ऊपर किया हमला
हरियाणा के गुरुग्राम में एक शादी समारोह के दौरान अचानक से दहशत फैल गई. जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम में कुछ दबंगों ने बारातियों के ऊपर लाठी-डंडों से घातक हमला कर दिया. जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक यह विवाद सिर्फ साइड देने की बात को लेकर शुरू हुआ था.
साइड को लेकर हुआ था विवाद
आपको बता दें कि पूरा मामला गुरुग्राम के पालम विहार सेक्टर 22 B का है. यहां पर मोलाहेड़ के सरकारी स्कूल से वाल्मीक समाज की बारात आगे बढ़ा रही थी. बारात में शामिल सभी लोग अपनी धुन में डांस करते हुए बैंड-बाजे के साथ में आगे बढ़ रहे थे, कि इसी दौरान एक गाड़ी पर सवार कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया. गाड़ी सवार दबंगों ने साइड को लेकर बारातियों से विवाद को शुरू कर दिया.
शराब के नशे में थे गाड़ी सवार
आरोप है कि दबंगों ने थोड़ी देर विवाद के बाद में बारातियों के ऊपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि गाड़ी सवार दबंग शराब के नशे में चूर थे. हिंसा के बाद शादी की खुशियां मायूसी और उदासी में बदल गईं. इस घटना के बाद में सभी दबंग आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही पालम विहार थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच को शुरू कर दिया.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना को लेकर दूल्हे के रिश्तेदारों ने बताया कि बारात जैसे ही कम्युनिटी सेंटर पर पहुंची, तो लाठी-डंडों के साथ में लगभग 1 दर्जन से ज्यादा बदमाश वहां पर पहुंच गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी. बदमाशों के सामने जो भी आया, उसे पीटा गया. इस घटना में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना में एक महिला को भी बुरी तरह से पीटा गया. पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर गाड़ी की पहचान करने की कोशिश हो रही है. सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, पंजाब और कश्मीर में IED की बरामदगी, क्या दिल्ली हमले की तैयारी से जुड़े हैं तार?
