Shankaracharya Avimukteshwaranand Saraswati: प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में बस चर्चा है तो स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की और उनसे जुड़े विवादों की….ना तो स्वामी जी धरने से उठने के लिए तैयार हैं और ना ही प्रशासन पीछे हटने को तैयार है. इस मामले में जमकर सियासत भी हो रही है.
Prayagraj News: प्रयागराज माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर के बाहर बीती रात जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि हंगामा कर रहे युवक ‘आई लव बुलडोजर बाबा’ के नारे लगा रहे थे. माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कल्पवासी थाने में तहरीर देकर अपनी जान, शिविर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा बताया है. घटना को लेकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मेला प्रशासन और सरकार पर निशाना साधा.
बाहर से आए युवकों ने शिविर के बाहर उपद्रव मचाया
तहरीर के मुताबिक, शिविर के बाहर शाम 6:30 से 7:30 बजे के बीच कुछ असामाजिक तत्व पहुंच गए. वह हाथों में लाठी-डंडे और भगवा झंडा लिए हुए थे. कुछ युवक जबरन शिविर में प्रवेश करने लगे. बाहर से आए युवकों ने उपद्रव मचाने की कोशिश की. मारपीट करने पर भी आमादा हो गए. उन्होंने कहा कि कल रात यहां पहुंचे लोग असलहों से लैस थे, उनकी मंशा ठीक नहीं थी, उन्हें खतरा है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि यह सब उनके साथ इसलिए हो रहा है क्योंकि वह गाय और के लिए मंदिरों के तोड़े जाने का मुद्दा उठा रहे हैं. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह इन सब चीजों से डरने वाले नहीं हैं.
पुलिस से की सुरक्षा की मांग, बताया जान को खतरा
शंकराचार्य ने अपने लिए भी खतरा बताया है. शिविर में रह रहे श्रद्धालुओं और शिविर की संपत्ति को भी खतरे में बताया. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है. वहीं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्य मुकुंदानंद ने कहा कि मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस से सुरक्षा की मांग की गई है पर अभी तक यहां कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं.
यह भी पढ़ें- मुंबई लोकल में UP के प्रोफेसर की हत्या, मलाड स्टेशन के पास पेट में घोंपा चाकू, चलती ट्रेन के कूदकर आरोपी फरार
