कस्टम विभाग ने भूटान के रास्ते भारत आने वाली गाड़ियों की तस्करी को लेकर ऑपरेशन नुमखोर के तहत खुलासा किया है. इस दौरान सामने आया है कि भारत में लगभग 15 हजार से ज्यादा गाड़ियों को अवैध रूप से रजिस्टर किया गया है.

15 हजार से ज्यादा गाड़ियां अवैध रजिस्टर
कस्टम विभाग ने भारत में भूटान के रास्ते से होने वाली गाड़ियों की तस्करी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. कस्टम विभाग ने इसको लेकर ऑपरेशन नुमखोर चलाया है. इस ऑपरेशन की मदद से पता लगा है कि भारत में लगभग 15 हजार से ज्यादा गाड़ियों को अवैध रूप से रजिस्टर किया गया है. आपको बता दें कि नुमखोर को भूटानी भाषा में वाहन कहा जाता है.
बिना टैक्स और ड्यूटी दिए देश में एंट्री
जांच में सामने आया है कि इन गाड़ियों को बिना टैक्स और ड्यूटी दिए भारत के अंदर लाया गया है. जिसके चलते सरकार को करोड़ों का नुकसान भी हुआ है. आपको बता दें कि शुरुआत में सीमा शुल्क विभाग ने पहले केरल में लगभग 35-40 लग्जरी कारों की जांच को शुरू किया था, लेकिन यह परत धीरे-धीरे खुलती चली गई. अब यह संख्या 15,849 तक पहुंच गई है.
कई राज्यों से कारें जब्त
इस पूरे मामले में कुछ मशहूर हस्तियों और फिल्मी सितारों के नाम भी आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि इन लोगों ने नियमों को तोड़कर गाड़ियों को खरीदा है. आपको बता दें कि भूटान से सटी सीमा वाले राज्यों में लगभग सभी वाहनों को फर्जी तरीके से रजिस्टर कराया गया था. सिर्फ असम में 464 वाहन इस तरह से रजिस्टर थे. इसी के साथ केरल में 50 से ज्यादा वाहनों को जब्त किया गया है.
कैसे सामने आई गड़बड़ी?
आपको बता दें कि यह पूरी गड़बड़ी ‘नेशनल व्हीकल रजिस्ट्री’ का डिजिटल ऑडिट करने के बाद सामने आई है. कई गाड़ियों को फौज से बेची गई गाड़ियां बताया गया और ‘डिस्पोजल सर्टिफिकेट’ के आधार पर रजिस्टर कराया गया था. वहीं कुछ महंगी गाड़ियों के लिए विदेशी एंबेसी या विदेश मंत्रालय के फर्जी पेपर को तैयार किया गया, जिससे उनके ऊपर लगने वाली कस्टम ड्यूटी भारी न पड़े.
यह भी पढ़ें- साजिश से पहले शिकंजा! दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया इनामी बदमाश; पैर में लगी गोली
