इंदौर में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. आरोपी व्यक्ति ने 15 दिन पहले महिला की कई संपत्तियों में खुद को नॉमिनी बनाया था. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. आरोपी घटना के बाद से फरार हो गया है.

पति ने की पत्नी की हत्या
मध्य प्रदेश के इंदौर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. इंदौर की डाक कुंज कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि महिला डाक विभाग में कर्मचारी थी. व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी को धारदार हथियार से मौत के घाट उतारा और फिर मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
खुद को बनाया था नॉमिनी
जानकारी के मुताबिक आरोपी व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कई संपत्तियों में 15 दिनों पहले खुद को नॉमिनी बनाया था. मृतका की पहचान उर्मिला सैनी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि महिला एमजी रोड डाकघर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत थीं. यह पूरी घटना महिला के घर में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने महिला के ऊपर धारदार हथियार से कई हमले किए, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई.
बेटी को दिया ATM और कैश
आरोपी की पहचान अखिलेश सैनी के रूप में की गई है. जांच के मुताबिक घटना के बाद आरोपी अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा और वहां उसे अपना एटीएम कार्ड और कुछ नकदी दी. बेटी से मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया. स्कूल से लौटने के बाद बेटी ने अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा. शव देखने के बाद उसने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी.
पुलिस कर रही छापेमारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को गठित किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने 15 दिन पहले खुद को उर्मिला की कई संपत्तियों और वित्तीय डॉक्यूमेंट्स में नॉमिनी बनाया था.
यह भी पढ़ें- दान चोरी केस में सुप्रीम कोर्ट सख्त! SIT से मांगी जांच की स्टेटस रिपोर्ट; मंदिर ट्रस्ट को जारी किया नोटिस
