IPS KK Bishnoi Anshika Verma Marriage: जोधपुर में यूपी कैडर के दो IPS अधिकारी कृष्ण कुमार विश्नोई और अंशिका वर्मा पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंध गए. शादी में दोनों परिवारों के साथ-साथ कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिस महकमे के बड़े पदाधिकारी शामिल हुए.
शादी समारोह में उनका हल्का मजाकिया अंदाज चर्चा का केंद्र रहा, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया. दुल्हन अंशिका वर्मा की भावुक एंट्री ने सभी को प्रभावित किया. पारंपरिक रस्में पूरे विधि-विधान से निभाई गईं और समारोह में खुशी व उत्साह का माहौल रहा.
जब घुटनों पर बैठे IPS दूल्हे राजा
हंसी-ठिठोली के बीच जब अंशिका दोबारा आगे बढ़ीं, तो केके बिश्नोई ने बड़े ही फिल्मी अंदाज में घुटनों पर बैठकर माला पहन ली. इस अंदाज ने न केवल अंशिका का, बल्कि वहां मौजूद हर मेहमान का दिल जीत लिया. KK बिश्नोई ने हाथ जोड़कर सभी उपस्थित लोगों को प्रणाम किया. ठीक उसी समय माहौल को और भी यादगार बनाने के लिए गीत “ओ री सखी मंगल गाओ री…” बज उठा. पूरा हॉल इस पारंपरिक राजस्थानी गाने की धुन पर झूम उठा.
पारंपरिक रस्में
शादी की रस्मों के दौरान पारंपरिक तोरण की रस्म पूरे विधि-विधान के साथ निभाई गई. दूल्हे कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई का स्वागत परंपरा के अनुसार किया गया. वरमाला के पश्चात दूल्हा-दुल्हन ने मंच पर मौजूद सभी मेहमानों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया. दोनों ने मुस्कुराते हुए सभी का धन्यवाद किया और बड़ों से आशीर्वाद लिया. परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में यह पल बेहद खास बन गया.
आज जोधपुर में रिसेप्शन
30 मार्च यानी आज लहरिया रिसॉर्ट में होने वाले रिसेप्शन को लेकर खास तैयारियां की गई हैं. इस भव्य कार्यक्रम में कई वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी को भी इस खास अवसर के लिए आमंत्रित किया गया है. शादी की थीम ‘कृष्णांशिका’ रखी गई है, जो दूल्हा-दुल्हन के नामों का खूबसूरत संयोजन है और सभी का ध्यान आकर्षित कर रही है.
केके बिश्नोई और अंशिका
IPS किशन कुमार बिश्नोई (2018 बैच) वर्तमान में संभल जिले के पुलिस अधीक्षक हैं, जबकि IPS अंशिका वर्मा (2021 बैच) वर्तमान में बरेली में दक्षिण क्षेत्र की एसपी हैं. दोनों की मुलाकात गोरखपुर में हुई थी और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले KK बिश्नोई अपनी साधारण पृष्ठभूमि और मेहनत के लिए जाने जाते हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली से लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी गिरफ्तार! ISI के इशारे पर तैयारी कर रहा था शब्बीर अहमद लोन
